बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की आलोचना को लेकर मचे विवाद के बीच, योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री हमारे छोटे भाई जैसे हैं। स्वामी रामदेव ने हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "बागेश्वर बाबा मेरे बेटे की तरह हैं। वे मेरे छोटे भाई और शिष्य जैसे भी हैं। इसलिए, जो बातें मुझे अनुचित लगीं और जिनसे मुझे दुख पहुंचा, उन्हें लेकर मैंने उन्हें अपने अधिकार से डांटा। उन्होंने भी मेरी डांट को प्यार के रूप में स्वीकार किया। यह उनका बड़प्पन भी है।"
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्णा की तुलना करते हुए बयान दिया था, जिस पर स्वामी रामदेव भड़क गए थे। देवी-देवताओं की तुलना पर उन्होंने मंच से कहा कि पहले तुलना की और फिर माफी मांग ली। इसके बाद बांके बिहारी के दर पर जाकर मत्था टेक लिया। उसके बाद भी बोल रहा है कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं। बाबा रामदेव ने कहा कि अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी।
स्वामी रामदेव पर बाबा बागेश्वर क्या बोले?
वहीं, इसके बाद स्वामी रामदेव पर धीरेंद्र शास्त्री का रिएक्शन भी सामने आया। उन्होंने कहा, ''रामदेव जी हमारे बड़े हैं हमारे पूजनीय हैं चार दिन पहले हमारे पंडाल में आए थे तो हमारी स्तुति की थी लेकिन चार दिन बाद अब हमारी निंदा कर रहे हैं हो सकता है कि हमारी कोई बात बुरी लगी होगी तो उन्होंने बोल दिया कोई बात हालांकि उन्होंने हमारा नाम तो नहीं लिया।''
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि हम संतों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि हमने हमेशा उन्हें अभिभावक के रूप में देखा। हमको निंदा भी स्वीकार है और प्रशंसा भी स्वीकार है। हम किसी भी प्रकार से संतों के प्रति अवहेलना का भाव सपने में भी नहीं कर सकते। हम सदा संतो के थे, हम सदा हिंदुओं के थे, हम हिंदुओं के एकता के लिए हैं। जोड़ने के लिए हैं, तोड़ने के लिए नहीं हैं।
बांके बिहारी के दर पर रगड़ा नाक
इस विवाद के बीच पंडित धीरेंद्र शास्त्री 2 दिन पहले ही वृंदावन पहुंचे थे। बांके बिहारी के दर पर उन्होंने नाक रगड़ा था। लेकिन फिर भी टेढ़े-मेढ़े वाला बयान दिया था। इसी बात को लेकर बाबा रामदेव ने बयान दिया था।
इससे पहले धर्मांतरण को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बड़ा बयान दिया था। मध्य प्रदेश के मैहर में दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के लिए बहुत ज्यादा लोग प्रयासरत हैं, विदेशी ताकतें प्रयासरत हैं। अब धर्मांतरण देश में नहीं चलेगा। हिंदू एक होकर के रहेगा और भारत हिंदू राष्ट्र होकर के रहेगा।

