नई दिल्ली: पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को दो टूक जवाब दिया है। थरूर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत तभी दोबारा शुरू हो सकती है, जब पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंकवाद का ढांचा खत्म करे। उन्होंने साफ कहा कि सिर पर बंदूक तानकर कोई बातचीत नहीं करना चाहता और भारत भी ऐसा नहीं करेगा। थरूर का यह रिएक्शन मलिक के उस बयान के बाद आया है, जब उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान आतंकवाद पर चर्चा के लिए तैयार है।
थरूर ने कहा कि पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी कैंप, उनके मुख्यालय और ट्रेनिंग सेंटर का इस्तेमाल भारत के लोगों के खिलाफ हिंसा फैलाने के लिए किया जा रहा है। ऐसे में इन ठिकानों को बनाए रखते हुए बातचीत की उम्मीद नहीं की जा सकती। पाकिस्तान को पहले अपने यहां आतंकवाद के बुनियादी ढांचे को खत्म करना होगा।

मल्टीलैटरल मंचों पर बातचीत की अपनी जगह

कांग्रेस सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद बहुपक्षीय मंचों की अपनी अहमियत है। उन्होंने कहा कि किसी बहुपक्षीय मंच पर साथ आने का मतलब यह नहीं है कि दोनों देशों के बीच पुराने तरीके से द्विपक्षीय बातचीत भी शुरू हो जाएगी।
पाकिस्तानी मंत्री ने क्या कहा था?

  • दरअसल, पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस विषय पर होने वाली किसी भी चर्चा का आधार ठोस सबूत होने चाहिए।

  • मलिक ने दोनों देशों से अपने-अपने सबूत सामने रखने और आतंकवाद से निपटने के लिए एक पारदर्शी व्यवस्था बनाने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि आतंकवाद पूरे क्षेत्र की समस्या है और इसका समाधान सामूहिक प्रयासों से निकाला जाना चाहिए।

वहीं मुसादिक मसूद मलिक मसूद मलिक सिंधु जल संधि (आईडब्‍ल्‍यूटी) पर अपने पहले दिए गए बयानों से जुड़े पत्रकारों के सवालों को टालते हुए नजर आए।

जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे। इस समय आपने मुझे उस विषय पर बात करने के लिए आमंत्रित नहीं किया है।

मुसादिक मसूद मलिक

पहलगाम हमले के बाद भारत ने स्थगित कर दी थी सिंधु जल संधि

भारत ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। भारत ने कहा था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना विश्वसनीय और स्थायी रूप से बंद नहीं करता, तब तक संधि स्थगित रहेगी।

इससे पहले शुक्रवार को भी मलिक ने पाकिस्तान की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवालों से बचते हुए कहा था कि वह नई दिल्ली एक बहुपक्षीय मंच के लिए आए हैं और इतने बड़े मुद्दों पर द्विपक्षीय स्तर पर चर्चा नहीं करना चाहते।