ओटावा: भारत और कनाडा के अधिकारी रक्षा और सूचना सुरक्षा समझौतों पर बातचीत कर रहे हैं। इन समझौतों का ऐलान पीएम नरेंद्र मोदी की दिसंबर के दूसरे हफ्ते में होने वाली कनाडा यात्रा के दौरान किया जा सकता है। इसमें सैन्य सहयोग और गोपनीय जानकारी साझा करने से जुड़े समझौते शामिल हैं। पीएम मोदी का ये दौरा इसलिए अहम है क्योंकि दोनों देशों के रिश्ते बीते कुछ महीनों में उतार-चढ़ाव से गुजरे हैं। इसमें कनाडा में खालिस्तानियों की गतिविधियां एक बड़ी वजह रही है।
द ग्लोब एंड मेल के मुताबिक, 11-12 दिसंबर को मोदी की कनाडा यात्रा के दौरान मुक्त व्यापार समझौते (फ्री-ट्रेड डील) की घोषणा होने की उम्मीद है। इसके अलावा भी कई समझौतों पर बातचीत चल रही है, जो ओटावा और दिल्ली के बीच भरोसे के बढ़ते स्तर को दिखाते हैं। यह भरोसा 2023 में आए उस राजनयिक तनाव के बाद फिर से बन रहा है, जिसने दोनों देशों के संबंध काफी खराब हो गए थे।
रक्षा समझौते में क्या-क्या होगा
कनाडा में भारत के हाई कमिश्नर दिनेश पटनायक के अनुसार, दोनों देश रक्षा समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। इसमें रणनीतिक सहयोग (युद्धपोतों का दौरा), संयुक्त प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण, एयरोस्पेस, नौसेना और अंतरिक्ष के क्षेत्र में सैन्य उपकरणों का उत्पादन शामिल होगा। रक्षा सहयोग समझौता ऐसा ढांचा तैयार करेगा, जिसके तहत सरकारें आपस में और निजी क्षेत्र की कंपनियों के साथ मिलकर काम कर सकेंगी।
उन्होंने कहा कि हम अर्ली वार्निंग (शुरुआती चेतावनी) और निगरानी वाले विमानों पर विचार कर रहे हैं। इसके लिए कनाडा की कंपनी बॉम्बार्डियर अच्छा विकल्प है। हम डी. हैविलैंड के सीप्लेन (पानी पर उतरने वाले विमान) और अंतरिक्ष सहयोग पर ध्यान दे रहे हैं। भारत के निजी क्षेत्र में स्काईरूट एयरोस्पेस जैसी कंपनियां हैं, जिनके पास अंतरिक्ष में रॉकेट लॉन्च करने की क्षमता है, जो कनाडा की मदद कर सकती हैं।
कनाडा और भारत के बीच सुरक्षा सहयोग बढ़ने से दिल्ली ने उन भारतीय नागरिकों को वापस भेजने (डिपॉर्ट करने) में सहयोग दिया है, जो कनाडा में अपने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी रुके हुए थे। 2026 में 5,000 लोगों को वापस भेजने में आपातकालीन यात्रा दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं।
दिनेश पटनायक
जानकारी साझा करने पर जोर
दोनों देश ऐसे समझौते पर बातचीत कर रहे हैं, जिसके तहत वे एक-दूसरे के साथ संवेदनशील, गोपनीय और डीप-टेक (अत्याधुनिक तकनीक) से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगे। हथियारों और संवेदनशील तकनीक के व्यापार या संयुक्त विकास के लिए इस तरह का समझौता जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा में खुफिया एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ा है।
कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश पटनायक ने कहा है कि दोनों देश सुरक्षा और खुफिया मामलों में सहयोग के लिए अधिक स्थायी तंत्र (मैकेनिज्म) पर काम कर रहे हैं। अभी दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और खुफिया एजेंसियां समय-समय पर जानकारी साझा करती हैं। इससे आगे बढ़ते हुए नया लक्ष्य इसके लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म तैयार करना है।
भारत से बेहतर संबंधों की तलाश में कनाडा
साल 2023 में कनाडा-भारत संबंधों में भारी ठहराव आ गया था, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सार्वजनिक रूप से दिल्ली पर हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था। निज्जर कनाडा का नागरिक था और भारत से अलग एक सिख देश बनाने (खालिस्तान आंदोन) के अभियान से जुड़ा था। दिल्ली ने आरोपों को खारिज किया था।
कनाडा की सरकार भारत के साथ संबंधों को फिर से मजबूत करना चाहती है। ताकि व्यापार के मामले में अमेरिका पर निर्भरता कम हो सके क्योंकि अमेरिका की नीतियों में लगातार अनिश्चित्ता दिखी है। वहीं कनाडा सरकार ने स्पष्ट किया है कि निज्जर मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया स्वतंत्र रूप से चल रही है, जिसका कनाडा-भारत संबंधों पर असर नहीं पड़ना चाहिए।
भारत-कनाडा रक्षा सहयोग
पिछले पांच सालों में (2021 से 2025 तक) ग्लोबल अफेयर्स कनाडा के आंकड़ों से पता चलता है कि कनाडा ने भारत को 116.5 मिलियन डॉलर का मिलिट्री सामान एक्सपोर्ट किया है। साल 2024 में भी बड़े पैमाने का मिलिट्री सामान आया है, भले ही जून 2023 में कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कर के बाद दोनों देशों के रिश्ते में तनाव आ गया था।

