शाजापुर: एमपी के शाजापुर में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर के परिवार में इन दिनों खुशी का माहौल है। उनके बेटे स्वयं तारनेकर का भारतीय वायुसेना में अधिकारी पद के लिए चयन हुआ है। स्वयं ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) में ऑल इंडिया 12वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग ब्रांच के तहत ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल कैटेगरी में हुआ है। वह प्रशिक्षण पूरा करने के बाद फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में वायुसेना में सेवाएं देंगे।
'बेटा मुझसे बड़ा अफसर बना', पिता ने जताया गर्व
अपने बेटे की उपलब्धि पर ASP महेंद्र तारनेकर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि बेटा उनसे बड़ा अफसर बना है। उन्होंने कहा कि वह पुलिस में रहकर समाज की सुरक्षा और सेवा कर रहे हैं, जबकि उनका बेटा भारतीय वायुसेना में रहकर देश की रक्षा करेगा।
महेंद्र तारनेकर ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि, उन्हें अपना लक्ष्य तय करके उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। मोबाइल का इस्तेमाल भी लक्ष्य प्राप्त करने के लिए किया जाना चाहिए। वहीं, अभिभावकों को बच्चों का हौसला बढ़ाना चाहिए और उन्हें बेहतर प्रयास करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
स्वयं का बचपन से फाइटर प्लेन उड़ाने का था सपना
स्वयं तारनेकर ने बताया कि उनका सफर काफी लंबा और चुनौतीपूर्ण रहा है। 11वीं और 12वीं कक्षा में उन्होंने NDA की परीक्षा भी दी थी, लेकिन उस समय सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उन्होंने अपना सपना नहीं छोड़ा। ग्रेजुएशन एंट्री के जरिए अब उन्हें भारतीय वायुसेना में जाने का अवसर मिला है।
एयरक्राफ्ट और फाइटर प्लेन आकर्षित करते थे
स्वयं के मुताबिक, बचपन से ही उन्हें एयरक्राफ्ट और फाइटर प्लेन आकर्षित करते थे। खिलौनों में भी उन्हें फाइटर प्लेन ही पसंद आते थे। घर में पिता को पुलिस अधिकारी के रूप में वर्दी में देखकर भी उन्हें प्रेरणा मिली। बाद में NCC से जुड़ने के बाद सेना और देशसेवा के प्रति उनका रुझान और मजबूत हुआ।
पिता की सलाह पर ज्वाइन की NCC
स्वयं ने बताया कि उनके पिता हमेशा उनके लिए मजबूत स्तंभ रहे हैं। पिता ने ही उन्हें NCC के बारे में जानकारी दी और इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने NCC ज्वाइन की। तैयारी के दौरान पिता का मार्गदर्शन लगातार मिलता रहा। उन्होंने कहा कि सफलता का असली महत्व तभी समझ आता है, जब व्यक्ति तमाम कठिनाइयों को पार करके अपने लक्ष्य तक पहुंचता है।
ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल ब्रांच में संभालेंगे जिम्मेदारी
स्वयं का चयन भारतीय वायुसेना की एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग ब्रांच में हुआ है। इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों के लिए इस ब्रांच में विमान और उनसे जुड़े तकनीकी उपकरणों के रखरखाव, इंजीनियरिंग और संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं।
जल्द ही प्रशिक्षण पर रवाना होंगे स्वयं
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद स्वयं वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनने का सपना देखते हैं।
युवाओं के लिए पिता का संदेश
लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिए पूरी मेहनत करें
मोबाइल का इस्तेमाल सीखने और तैयारी के लिए करें
अभिभावक बच्चों पर दबाव बनाने के बजाय उनका हौसला बढ़ाएं
बता दें कि, एक तरफ पिता महेंद्र तारनेकर पुलिस की वर्दी में समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, तो दूसरी तरफ बेटा स्वयं अब भारतीय वायुसेना की वर्दी पहनकर देशसेवा के लिए तैयार है। पिता-पुत्र की यह उपलब्धि परिवार के साथ शाजापुर के लिए भी गर्व का विषय बनी हुई है।

