नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में टीम इंडिया 720 रन बनाने के बावजूद मैच नहीं जीत पाई। भारतीय गेंदबाज मैच के आखिरी 4 सेशन में न्यूजीलैंड की टीम को ऑल आउट नहीं कर सके। इसके बाद से पिच, बॉल और टीम चयन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भारतीय कप्तान गिल ने पिच को सपाट करार देते हुए कहा कि ऐसी पिच पर नतीजे की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गेंद जल्दी सॉफ्ट हो रही थी। इस वजह से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिली। हालांकि, सबसे ज्यादा सवाल भारत की प्लेइंग 11 को लेकर ही उठ रहे हैं।
भारतीय टीम इस मैच में 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरी थी। इनमें जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप और अंशुल कंबोज टीम का हिस्सा थे। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर को बतौर स्पिनर टीम में शामिल किया गया था। भारतीय गेंदबाजों ने मैच के पहले सत्र में लाजवाब प्रदर्शन किया, जिसमें 4 विकेट गिरे। इसके बाद कोई भी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाया। ऐसे में विराट कोहली के फॉर्मूले पर चर्चा हो रही है, जिनकी अगुआई में भारत ने 60 ओवर में इंग्लैंड को ऑल आउट कर दिया था।
क्या था विराट का फॉर्मूला?
विराट कोहली की कप्तानी का एक खास सिद्धांत था। उनका मानना था कि टेस्ट मैच जीतने के लिए विपक्षी टीम के 20 विकेट लेना जरूरी है। इसके लिए वह बल्लेबाजी में एक खिलाड़ी कम होने का जोखिम उठाकर भी पांच गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरते थे। कोहली का यह फॉर्मूला भारतीय टीम को विदेशी जमीन पर कई ऐतिहासिक जीत दिलाने में कामयाब रहा था। लेकिन अब शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की रणनीति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या भारतीय टीम अपनी गेंदबाजी की धार से समझौता कर रही है।
कोहली की कप्तानी में पांच गेंदबाजों पर रहता था भरोसा
विराट कोहली जब भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान थे तो उनकी रणनीति बिल्कुल स्पष्ट थी। वह मानते थे कि टेस्ट क्रिकेट में केवल बड़ा स्कोर बनाना पर्याप्त नहीं है। असली चुनौती विपक्षी टीम को दो बार आउट करना है। इसके लिए पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों का होना जरूरी है। कोहली ने कई मौकों पर अपनी इस सोच को सार्वजनिक भी किया था। उनका कहना था कि अगर टीम 700 रन बना लेती है, लेकिन विपक्षी टीम को दो बार आउट नहीं कर पाती तो उस बड़े स्कोर का कोई खास फायदा नहीं है। इसी वजह से वह पांच गेंदबाजों के साथ उतरने के पक्षधर थे।
ऑस्ट्रेलिया-अफ्रीका में मैच जीते थे विराट
विराट की कप्तानी में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी जगहों पर यादगार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन जैसे गेंदबाजों को एक साथ खिलाने की रणनीति ने भारत को मजबूत गेंदबाजी आक्रमण दिया था। रविंद्र जडेजा भी इस रणनीति का अहम हिस्सा रहे।
गिल पर क्यों उठ रहे सवाल?
शुभमन गिल की कप्तानी में वेलिंगटन टेस्ट के लिए भारतीय टीम ने चार तेज गेंदबाजों और एक स्पिन गेंदबाज को चुना था। जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज के साथ वाशिंगटन सुंदर को मौका मिला। हालांकि, टीम से मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा बाहर रहे। सवाल सिर्फ पांच गेंदबाज खिलाने या चार गेंदबाजों के साथ उतरने का नहीं है, बल्कि गेंदबाजी आक्रमण की गुणवत्ता और संतुलन का है। सिराज जैसे अनुभवी विकेट लेने वाले गेंदबाज को बाहर रखना और जडेजा जैसे अनुभवी ऑलराउंडर को मौका नहीं देना टीम के लिए भारी पड़ सकता है।
352 रन की बढ़त भी नहीं दिला सकी जीत
वेलिंगटन टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित की थी। न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 352 रन की बड़ी बढ़त मिली थी। भारत को दूसरी पारी में शुरुआती सफलता जरूर मिली, लेकिन आखिरी पांच विकेट हासिल करना मुश्किल हो गया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 120 ओवर तक बल्लेबाजी की और पांच विकेट पर 239 रन बना लिए। इस तरह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
दिग्गजों ने उठाए सवाल
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी भारतीय टीम की रणनीति पर सवाल उठाए। उनका मानना था कि टीम में विराट कोहली की कप्तानी वाली आक्रामकता और जीत हासिल करने की भूख दिखाई नहीं दी। वहीं पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने भी टीम चयन को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि 20 विकेट लेने की क्षमता को ध्यान में रखकर टीम चुनी जानी चाहिए।
WTC फाइनल की राह मुश्किल
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने का नुकसान भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी उठाना पड़ा। भारत को जीत की स्थिति में 12 अंक मिल सकते थे, लेकिन ड्रॉ के कारण सिर्फ 4 अंक मिले। अब टीम का पॉइंट्स प्रतिशत घटकर 50 रह गया है। भारत के इस चक्र में अब छह टेस्ट बाकी हैं। इनमें एक टेस्ट न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में और पांच टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलने हैं। फाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए भारत को इन सभी मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी। इसके साथ ही दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

