नई दिल्ली: गैरकानूनी घुसपैठ के खिलाफ अमेरिका इस समय बेहद सख्त है। इस बीच भारत से अमेरिका पहुंचे बच्चों को लेकर एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। अमेरिकी वित्त वर्ष 2023 (FY23) से लेकर अब तक कुल 1,389 ऐसे भारतीय बच्चों को हिरासत में लिया गया है, जो वहां अकेले थे। इन बच्चों को अभी तक वापस उनके देश नहीं भेजा गया है।
प्रवासियों के खिलाफ इस सख्त अभियान की वजह से अमेरिका में अकेले पाए जाने वाले भारतीय बच्चों की संख्या में कमी आई है। वित्त वर्ष 2023 में अमेरिका से 730 भारतीय बच्चे पकड़े गए थे। वही, वित्त वर्ष 2024 में 517, वित्त वर्ष 2025 में 91, वित्त वर्ष 2026 में 51, और अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के पहले महीने यानी अक्टूबर 2026 में 2 बच्चे हिरासत में लिए गए।
निशाने पर अकेले यात्रा कर रहे बच्चे
डेटा US कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (USCBP) से लिया गया है। यह गिरावट अलग-अलग देशों के उन बच्चों के मामले में भी दिख रही है, जो बिना किसी अभिभावक के यात्रा कर रहे थे। अमेरिकी अधिकारियों ने FY24 में 1.1 लाख, FY25 में 29,584 और FY26 में 9,190 ऐसे बच्चों का डेटा रिकॉर्ड किया, जो बिना किसी अभिभावक के थे। अक्टूबर 2026 में, 722 बच्चे बिना किसी अभिभावक के पाए गए।
अमेरिका सख्ती से कर रहा डिपोर्टेशन
अमेरिका में इमिग्रेशन नेटवर्क की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि इस गिरावट का एक कारण नियमों का सख्ती से पालन और लोगों को तेजी से वापस उनके देश भेजना (Deportation) हो सकता है। पहले नाबालिगों का इस्तेमाल 'ग्रीन कार्ड दिलाने वाले' (Green Card Bringers) के रूप में किया जाता था, ताकि उनके माता-पिता या रिश्तेदारों को कानूनी दर्जा मिलने की संभावना मजबूत हो सके।
आश्रय की उम्मीद में गुजरात का नाबालिग
गुजरात के मेहसाणा जिले के कड़ी शहर के एक व्यापारी को साल 2012 में अमेरिका से वापस भेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि उनका 17 साल का बेटा 12 साल की उम्र से टेक्सास में रह रहा है। वह अब अपनी 'आश्रय सुनवाई' (asylum hearings) में जाने से डर रहा है। लड़के को लगता है कि उसे पकड़ लिया जाएगा और उसे वापस भारत भेज दिया जाएगा। वह चुपके से एक गैस स्टेशन पर काम कर रहा है और एक धार्मिक संप्रदाय के लोगों के साथ रह रहा है।
घुसपैठ के मामले में तीसरे नंबर पर भारत
हालांकि, अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करने वाले लोगों में भारतीयों की संख्या लगातार बनी हुई है। वित्त वर्ष 2026 में अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों के ऐसे 30,528 मामले दर्ज किए हैं। अवैध घुसपैठ के मामलों में भारत, मेक्सिको और कनाडा के बाद 21 देशों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गया है। बता दें कि पकड़े गए भारतीय बच्चों को बाल कल्याण और आश्रय व्यवस्था के तहत ऑफिस ऑफ रिफ्यूजी रीसेटलमेंट (ORR) की देखरेख में रखा जाता है।

