तमिलनाडु के मदुरै जिला प्रशासन ने दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर परंपरागत दीप प्रज्ज्वलित करने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के क्रियान्वयन को लेकर जारी गतिरोध के बीच सोमवार रात से पूरे तिरुप्परनकुंद्रम में निषेधाज्ञा लागू कर दी और पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पुलिस ने सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को रोकने के लिए पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून की घेराबंदी की है। उसकी सुरक्षा के लिए 5,618 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
तिरुप्परनकुंद्रम में मंगलवार को आयोजित दीपम उत्सव में भाग लेने की योजना बना रहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) और हिंदू समर्थक संगठन 'हिंदू मुन्नानी' के कुछ सदस्यों को नजरबंद कर दिया गया है। मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा ने सोमवार रात निषेधाज्ञा लागू की, जो 23 नवंबर की रात नौ बजे से 25 नवंबर को पूर्वाह्न 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और बिना अनुमति तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक लगा दी गई है।
ड्रोन के संचालन पर भी सख्त प्रतिबंध
हालांकि, परंपरागत पूजा-अर्चना, मंदिर के नियमित धार्मिक अनुष्ठानों, दरगाह में नियमानुसार प्रवेश और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रियान्वयन से संबंधित गतिविधियों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। पहाड़ी, मंदिर की सीढ़ियों, गिरिवलम (परिक्रमा) मार्ग और आसपास के इलाकों में 5,600 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, 23 और 24 नवंबर को ड्रोन के संचालन पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है
पहाड़ी और जिले के आसपास का क्षेत्र भी रेड जोन घोषित
मदुरै शहर के पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन ने ड्रोन नियमावली, 2016 के नियम 24 के तहत तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी और जिले के आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी 'रेड जोन' घोषित करते हुए दो दिनों के लिए ड्रोन और मानवरहित हवाई यानों (UAV) के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध पूरी तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी (उसकी चोटी सहित), गिरिवलम (परिक्रमा) मार्ग, तिरुप्परनकुंद्रम के प्रवेश द्वार से 16 स्तंभों वाले मंडप तक के क्षेत्र तथा परिक्रमा मार्ग और पहाड़ी की तलहटी के बीच के इलाकों में लागू रहेगा।
उल्लंघन करने वालों पर की जाएगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने कहा कि संबंधित अधिकारियों की पूर्व अनुमति के बिना ड्रोन का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रतिबंध सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के अंतरिम आदेश के बाद किए गए व्यापक सुरक्षा उपायों का हिस्सा है, जिनमें सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा 70 से अधिक नए सीसीटीवी और चेहरा पहचानने की तकनीक से लैस कैमरे लगाना शामिल है।

