नई दिल्ली: इस फेस्टिव सीजन बिके स्मार्टफोन में से करीब आधे फाइनेंस पर खरीदे गए। मेमोरी की कीमत बढ़ने से स्मार्टफोन की कीमत में हाल में काफी तेजी आई है। साथ ही कंपनियों ने ज्यादा डिस्काउंट नहीं दिया। इस कारण लोगों को फाइनेंस पर स्मार्टफोन खरीदना पड़ा। Counterpoint Research के अनुमानों के मुताबिक फेस्टिव सेल के दौरान 48 फीसदी खरीदारी फाइनेंस पर की गई।
स्मार्टफोन पर पिछली बार 35 से 40 फीसदी डिस्काउंट मिला था जो इस बार घटकर 10 से 25 फीसदी रह गया। डिस्काउंट के बावजूद एंट्री-लेवल के फोन की कीमत पिछली बार से ज्यादा रही। ब्रांड्स ने ग्राहकों को रिझाने के लिए बैंक ऑफर और एक्सचेंज ऑफर भी दिए। लेकिन कई खरीदारों में अपग्रेड से परहेज किया।
बिक्री में गिरावट
8 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच स्मार्टफोन की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 22 फीसदी गिरावट देखने को मिली जबकि Counterpoint ने 12 फीसदी गिरावट का अनुमान लगाया था। एवरेज सेलिंग प्राइस में 28 फीसदी तेजी आई। फेस्टिव सीजन के पहले चरण में नवरात्रि से दशहरे को दौरान 8 से 18 अक्तूबर के बीच स्मार्टफोन की बिक्री में 19 फीसदी गिरावट आई।
Counterpoint में रिसर्च एनालिस्ट शुभम सिंह ने कहा, 'जिन लोगों फोन की जरूरत थी, उन्होंने खरीदारी की। लेकिन कई दूसरे लोगों ने अपग्रेड नहीं किया और मौजूदा फोन से ही काम चला रहे हैं। कुल मिलाकर इस बार स्मार्टफोन सेल्स में फेस्टिव सेंटीमेंट पर जरूरत हावी रही।'
जिन लोगों फोन की जरूरत थी, उन्होंने खरीदारी की। लेकिन कई दूसरे लोगों ने अपग्रेड नहीं किया और मौजूदा फोन से ही काम चला रहे हैं। कुल मिलाकर इस बार स्मार्टफोन सेल्स में फेस्टिव सेंटीमेंट पर जरूरत हावी रही।
शुभम सिंह, रिसर्च एनालिस्ट, Counterpoint
छोटे शहरों का हाल
Counterpoint का अनुमान है कि इस साल स्मार्टफोन सेल में फाइनेंस की हिस्सेदारी 42% होगी। पिछले साल यह आंकड़ा 35% था। इसमें नॉन-बैंक लेंडर्स की हिस्सेदारी दो-तिहाई है जबकि बाकी खरीदारी क्रेडिट और डेबिट कार्ड EMI से की गई। फेस्टिव सेल्स से पहले भी छोटे शहरों में फाइनेंसिंग के जरिए फोन की खरीदारी हो रही थी। अप्रैल-जून के दौरान टियर-2 शहरों में 57.5 फीसदी स्मार्टफोन किस्त पर खरीदे गए जबकि टियर-3 और छोटे मार्केट्स में यह आंकड़ा 50 फीसदी से ज्यादा था।

