नई दिल्ली: एआई चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एनवीडिया के शेयरों में इस हफ्ते काफी गिरावट आई। पांच कारोबारी दिनों में कंपनी का शेयर 23% गिर गया जो अक्टूबर 2008 के बाद इसकी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। इससे कंपनी के मार्केट कैप में 905 अरब डॉलर की गिरावट आई। यह पाकिस्तान की जीडीपी से दोगुना बड़ी रकम है। पाकिस्तान की जीडीपी का साइज अभी करीब 450 अरब डॉलर है।
एनवीडिया का शेयर 6 अक्टूबर के हाई से 45% गिर चुका है और इस दौरान कंपनी का मार्केट कैप 2.88 ट्रिलियन डॉलर स्वाहा हो चुका है। कंपनी ने इस दौरान 33 ट्रेडिंग सेशन में रोजाना करीब 85 अरब डॉलर गंवाए। एनवीडिया इस समय कई तरह की परेशानियों से घिरी है। लगभग हर एजेंसी उसके खिलाफ जांच कर रही है। इनमें सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन भी शामिल है जो एनवीडिया के खिलाफ अकाउंटिंग की गड़बड़ी के आरोपों की जांच कर रही है।
ट्रंप की पैरवी
कंपनी के फाउंडर जेंसन हुआंग ने कई महिलाओं के साथ संबंधों की बात सामने आने के बाद सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया था। अब उनकी वापसी की मांग भी जोर पकड़ रही है। खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी पैरवी की है। ट्रंप ने कहा कि जेंसन हुआंग को माफी मांगकर सीईओ के तौर पर वापसी करनी चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि अगर कंपनी का बोर्ड स्मार्ट हुआ तो वह हुआंग को सीईओ के तौर पर बहाल कर देगा।
शेयरों में लगातार गिरावट के बाद एनवीडिया दुनिया की वैल्यूएबल कंपनियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर खिसक गई है। companiesmarketcap.com के मुताबिक उसका मार्केट कैप 3.031 ट्रिलियन डॉलर रह गया है। कुछ दिन पहली एनवीडिया पहले नंबर पर थी और 5 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप छूने वाली दुनिया की पहली कंपनी बनी थी। आईफोन बनाने वाली ऐपल 4.978 ट्रिलियन डॉलर के साथ पहले नंबर पर है। माइक्रोसॉफ्ट ($3.598 ट्रिलियन) दूसरे और अल्फाबेट ($3.245 ट्रिलियन) तीसरे नंबर पर है।
रिलायंस की लंबी छलांग
इस बीच भारत की मोस्ट वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस लिस्ट में लंबी छलांग लगाई है। मुकेश अंबानी की कंपनी दुनिया की टॉप 100 कंपनियों की लिस्ट में 5 पायदान की छलांग लगाकर 83वें नंबर पर पहुंच गई। कंपनी का मार्केट कैप 201.15 अरब डॉलर पहुंच गया है। इस लिस्ट में भारत की किसी और कंपनी को जगह नहीं मिली है। इसमें अमेरिका की सबसे ज्यादा 63 कंपनियां शामिल हैं।

