ढाका: बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार ने भारत के साथ तीन दशक पुरानी गंगा जल बंटवारा संधि पर नरमी के संकेत दिए हैं। अब तक बांग्लादेश नए समझौते की मांग कर रहा था। इस पर नरम पड़ते हुए ढाका ने दिल्ली से दिसंबर में संधि समाप्त होने से पहले इसके नवीनीकरण पर औपचारिक बातचीत शुरू करने की अपील की है। दोनों पक्ष के अधिकारी फिलहाल 1996 में हुई इस संधि के खत्म होने से पहले नवीकरण की कोशिश में लगे हैं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त नदी आयोग के हेड शरद चंद्र और बांग्लादेश की छह सदस्यीय टीम को अनवर कादिर लीड कर रहे हैं।
भारत का मानना है कि गंगा संधि सहित पानी से जुड़े सभी सीमा-पार नदी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सिर्फ संयुक्त नदी आयोग ही स्थापित तंत्र है। वहीं ढाका एक नया समझौता चाहता है, जिसमें यह गारंटी हो कि सूखे के मौसम में उसे मिलने वाला पानी सुरक्षित रहे। इसके लिए नई दिल्ली एक तकनीकी टीम का गठन करे। दोनों पक्षों में इस पर काफी समय से बात चल रही है।
दोनों पक्षों में हुई बातचीत
गंगा संधि पर बांग्लादेश की 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख और प्रधानमंत्री के सलाहकार राशद तितुमीर ने रविवार को कहा, 'हमने संधि से जुड़ी सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उम्मीद है कि भारत अंतरराष्ट्रीय नदी गंगा के पानी के समान और निष्पक्ष बंटवारे को सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।'
ढाका में संधि कार्यान्वयन पर बनी बांग्लादेश-भारत संयुक्त समिति की बैठक के बाद राशद तितुमीर ने कहा है कि बांग्लादेश को उम्मीद है कि संधि की मौजूदा अवधि खत्म होने से पहले भारत कदम उठाएगा ताकि औपचारिक बातचीत का रास्ता साफ हो। दोनों पक्षों ने संधि के कार्यान्वयन पर वार्षिक रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया है।
राजनीतिक नेतृत्व लेगा फैसला
संधि के नवीनीकरण या अंतरिम विस्तार और इसकी शर्तों के बारे में फैसला दोनों देशों का राजनीतिक नेतृत्व लेगा। बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदउद्दीन चौधरी ने हाल ही में राजनयिक माध्यमों से अपने भारतीय समकक्ष को पत्र भेजा है, जिसमें संधि पर बातचीत जल्द शुरू करने का आग्रह किया है।
चौधरी ने बताया कि बातचीत शुरू करने के लिए बांग्लादेश ने जून 2026 में एक उच्च-स्तरीय तकनीकी समिति का गठन किया और भारत को इस फैसले की जानकारी दी। साथ ही दिल्ली से अनुरोध किया कि वे भी अपनी तकनीकी समिति के गठन के बारे में ढाका को सूचित करें।
गंगा जल संधि मुद्दा क्या है?
बांग्लादेश और भारत अहम पड़ोसी हैं और दोनों देशों के बीच 54 साझा नदिया हैं, जो एक से दूसरी ओर जाती हैं।
दोनों देशों में केवल गंगा ही ऐसी नदी है, जिसे लेकर दोनों देशों के बीच जल-बंटवारे का द्विपक्षीय समझौता है।
गंगा जल बंटवारे का मुद्दा 1980 के दशक की शुरुआत से दोनों देशों के बीच बातचीत का विषय बन गया था।
गंगा जल संधि 12 दिसम्बर 1996 को हुई थी। इस पर एचडी देवगौड़ा और शेख हसीना ने हस्ताक्षर किए थे।
संधि के तहत जनवरी से मई तक नदी का बहाव 70000 क्यूसेक से कम होने पर दोनों देशों को पानी मिलता है।
बहाव 70000 से 75000 क्यूसेक होने पर बांग्लादेश को 35000 क्यूसेक पानी दिए जाने का प्रावधान है।
भारत-बांग्लादेश के द्विपक्षीय संबंधों में अनिश्चितताओं का असर गंगा जल संधि के शांतिपूर्ण नवीनीकृत पर पड़ा है।

