नई दिल्ली: टाटा स्टील के शेयरों में आज भारी गिरावट आई। शुरुआती कारोबार में कंपनी का शेयर बीएसई पर करीब 8 फीसदी गिरावट के साथ 52 हफ्ते के लो के करीब पहुंच गया। कंपनी ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स में 26.38 फीसदी हिस्सेदारी 15,510.6 करोड़ रुपये की डील की घोषणा की है। साथ ही उसने 26 फीसदी होल्डिंग खरीदने के लिए ओपन ऑफर लॉन्च किया है। एपीएल अपोलो ट्यूब्स के शेयरों में भी करीब 18 फीसदी गिरावट आई है।
एग्रीमेंट के तहत टाटा स्टील अपना स्टील ट्यूब्स बिजनेस और टाटा स्टील कलर्स 28,000 करोड़ रुपये में एपीएल अपोलो को बेचेगी। इसमें टाटा स्टील का 1.7 मिलियन टन का स्टील ट्यूब्स बिजनेस और 800000 टन की सरफेस कोटेड कॉइल कैपेसिटी शामिल है। टाटा स्टील एपीएल अपोलो में 2,100 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से प्रमोटर स्टेक खरीदेगी।
शेयरों में गिरावट
हालांकि यह डील बाजार को पसंद नहीं आ रही है। टाटा स्टील का शेयर बीएसई पर पिछले सत्र में 177.75 रुपये पर बंद हुआ था और आज 174.80 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह करीब 8 फीसदी गिरावट के साथ 163.75 रुपये तक फिसला। इसका 52 हफ्ते का लो 160 रुपये है। पिछले साल 9 दिसंबर को यह इस स्तर तक फिसला था। टाटा स्टील टाटा ग्रुप की सबसे पुरानी ऑपरेटिंग कंपनी है।
एपीएल अपोलो का हाल
इस बीच एपीएल अपोलो ट्यूब्स के शेयरों में भी भारी गिरावट आई है। कंपनी का शेयर बीएसई पर पिछले सत्र में 2122.15 रुपये पर बंद हुआ था और आज 1964 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 18 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ 1741.55 रुपये तक फिसला। इसका 52 हफ्ते का लो 1691.05 रुपये है।

