तेल अवीव: भारत में इजरायल के पूर्व राजदूत डैनियल कार्मोन ने कहा है कि उनके देश पर राहुल गांधी का रवैया अपनी मां सोनिया गांधी से अलग है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की इजरायली नेताओं से बैठकें बहुत रुखी रहती थीं। वहीं राहुल गांधी की जब इजरायली अधिकारियों के साथ मुलाकातें हुईं तो उनका बर्ताव बहुत तेजी से बदला। उन्होंने इजरायल में दिलचस्पी दिखाई और काफी समय दिया। डैनियल ने ये बातें राहुल के अमेरिका में दिए गए हालिया बयान के संदर्भ में कही हैं। इसमें राहुल ने इजरायल-भारत के बेहतर संबंधों पर जोर दिया है।
2014 से 2018 तक दिल्ली में राजदूत रहे डैनियल कार्मोन ने एक्स पर राहुल गांधी के इजरायल पर रुख को लेकर हो रही एक चर्चा पर कहा, 'मैंने इजरायल पर राहुल गांधी के रुख में बदलाव के शुरुआती संकेत देखे और उनका सार्वजनिक बयान भी देखा। सोनिया गांधी और शिमोन पेरेस (पूर्व इजरायली प्रेसिडेंट) के बीच बैठकों में गर्मजोशी नहीं होची थी। दूसरी ओर राहुल गांधी के साथ मेरी लंबी बातचीतें हुईं।
राहुल का इजरायल पर बदला रुख
पूर्व इजरायली राजनयिक कार्मोन ने कहा, 'मेरी और राहुल की जितनी अधिक मुलाकातें हुईं। इजरायल के रुख और द्विपक्षीय संबंधों के महत्व को लेकर उनकी समझ उतनी ही स्पष्ट होती गई। जहां तक सार्वजनिक रूप से दिखने की बात है तो ये रिश्ते का अहम पहलू है। स्थिति यह रही कि शुरू में मुलाकात से इनकार किया गया। बाद में राहुल फोटो खिंचवाने और ट्वीट करने के लिए भी तैयार हो गए। ये अपने आप में एक अहम साफ संकेत हैं।'
नेता विपक्ष राहुल गांधी के इजरायल पर रुख को लेकर चर्चा उनके हालिया बयान के बाद शुरू हुई है। राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका में एक चर्चा के दौरान कहा कि मैं इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थक हूं। हमारे रणनीतिक हित हैं, जिनमें सेना के लिए हथियार खरीद भी शामिल है। इजरायल-भारत के संबंधों पर दिए बयान की डैनियल कार्मोन ने तारीफ की है। उनके इस संबंध में ट्विटर पर किए पोस्ट में कई बातें सामने आ रही हैं।
कार्मोन ने की राहुल की तारीफ
डैनियल कार्मोन ने कहा है कि गांधी ने अमेरिका में एक सार्वजनिक मंच से भारत-इजरायल के बेहतर रिश्ते पर बहुत अहम बातें कही हैं। राहुल गांधी का इजरायल-भारत की साझेदारी को 'मान्यता देना' खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि जो बात पिछले कई वर्षों में पूरी तरह स्पष्ट और सबके सामने आ चुकी है, उसे राहुल गांधी का समर्थन मिला है। यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
राहुल गांधी का बयान इसलिए अहम है क्योंकि मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार को भारत की पुरानी सरकारों के मुकाबले इजरायल से करीबी संबंधों के लिए जाना जाता है। विपक्ष ने कई मौकों पर गाजा और ईरान युद्ध के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी सरकार के रुख को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं। अब राहुल गांधी ने साफ किया है कि उनकी पार्टी इजरायल के खिलाफ नहीं है और संबंध चाहती है।

