भारत में इस बार SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आयोजन किया जा रहा है। पाकिस्तान की तरफ से भी प्रतिनिधिन इस फोरम में हिस्सा लेंगे। इसके लिए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भारत पहुंचें हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है कि कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत का दौरा कर रहा है। वहीं सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की तरफ से दो लोग SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने के भारत आए हैं।
ताजमहल का दौरान करेगा पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक और SCO डायरेक्टर आयशा मीर भारत आई हैं। पहले तारिक़ मसूद भारत में पाकिस्तान के पूर्व हाई कमिश्नर थे, उनका नाम भी भारत आने वाले डेलीगेशन में शामिल था, लेकिन वो नहीं आए। सूत्रों के मुताबिक अभी तक की जानकारी के अनुसार पाकिस्तान से आए लोग 23 नवंबर को वापस लौट जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल आगरा में ताजमहल का दौरा करेगा। इसके अलावा ये प्रतिनिधिमंडल दिल्ली हाट और हुमायूं मकबरा भी जाएगा।
पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन
बता दें कि SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आज पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत पहुंचा है। भारत की मेजबानी में आज से नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में 20 से 22 नवंबर तक शंघाई सहयोग संगठन कल्चरल संवाद मंच का आयोजन हो रहा है। चीन, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत SCO से जुड़े देश इसमें शिरकत कर रहे हैं। सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन पीएम मोदी करेंगे। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
संबंधों में सुधार पर क्या बोला पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल?
फिलहाल पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल पुराना किला में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद मंच पर पहुंच गया है। इस कार्यक्रम में जब पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक से पूछा गया कि क्या SCO के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार आएगा, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारे सभी संबंधों में सुधार होगा। जैसा कि आप जानते हैं, यह क्षेत्र अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है। भू-राजनीति के परिदृश्य बहुत तेजी से बदल रहे हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम एक व्यापक दृष्टिकोण अपनाएंगे, और उस व्यापक दृष्टिकोण में हम सभी राजनीतिक मुद्दों, सभी सामाजिक मुद्दों, सभी प्रासंगिक मुद्दों पर विचार करेंगे और इस क्षेत्र के एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे।"
भारत का स्पष्ट संदेश
SCO सिविलाइजेशन डायलॉग में पाकिस्तान की भागीदारी, जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक करेंगे। मलिक ने सिंधु जल समझौते पर भारत विरोधी बयान दिया था। वहीं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान का कोई मंत्री पहली बार भारत आया और भारत में होने वाले किसी कार्यक्रम में शिरकत कर रहा है। आपको बता दें कि भारत ने साफ तौर पर कहा है कि जहां तक द्विपक्षीय संबंधों की बात है 'टेरर एंड टॉक' साथ-साथ नहीं चल सकते। हालांकि जिन मंचों पर दोनों देश बतौर सदस्य हैं, उसके लिए भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे को निमंत्रण भेजते हैं।
किन विषयों पर होगी चर्चा?
SCO के डायलॉग फोरम में चार व्यापक विषयों पर चर्चा होगी। इनमें सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला एवं वास्तुकला, भाषा, साहित्य और पांडुलिपियां प्रमुख रूप से शामिल हैं। शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना वर्ष 2001 में शंघाई में आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। शुरुआत में रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान इसके संस्थापक सदस्य थे। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके पूर्ण सदस्य बने, जबकि ईरान 2023 में संगठन का सदस्य बना।

