नई दिल्ली: पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यता संवाद मंच में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली में हैं। मलिक कल से शुरू होकर 22 नवंबर तक चलने वाले एससीओ के इस कार्यक्रम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। मुसादिक मलिक के भारत दौरे को लेकर कांग्रेस समेत कुछ और विपक्षी पार्टियां सवाल खड़े कर रही हैं। साथ ही सरकार पर निशाना भी साधा है। राज्यसभा की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस मसले को लेकर सरकार पर तंज कसा है।
सरकार किस तरह की मेहमाननवाजी की योजना बना रही
प्रियंका चतुर्वेदी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि SCO कार्यक्रम के लिए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के दौरे पर भारत सरकार किस तरह की मेहमाननवाजी की योजना बना रही है। प्रियंका चतुर्वेदी ने आगे लिखा कि यह वही सरकार जिसने आतंकवादियों के साथ कोई बातचीत न करने का वादा किया था।
कांग्रेस ने भी सरकार पर साधा निशाना
इससे पहले कांग्रेस ने भी पाकिस्तानी मंत्री के भारत आने को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इस मंत्री ने ही सिंधु नदी के मामले में भारत को हाथ काटने की धमकी दी थी और केंद्र की मोदी सरकार ने भारत आने का निमंत्रण दे दिया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि जो मंत्री हमें धमका रहा है उसका स्वागत भारत सरकार कर रही है।
साल 2023 के बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री
साल 2023 के बाद भारत आने वाले मुसादिक मलिक पाकिस्तान के पहले केंद्रीय मंत्री हैं। वहीं विदेश मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट में कहा कि भारत पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी कर रहा है। यह एससीओ ढांचे के तहत एक बहुपक्षीय आयोजन है, जिसके लिए पाकिस्तान सहित समूह के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।
एक ही साल भारत और पाकिस्तान एससीओ के स्थायी सदस्य बने
भारत ऐतिहासिक पुराना किला परिसर (नई दिल्ली) में इस तीन दिवसीय मंच का आयोजन कर रहा है। इसमें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें मलिक शामिल हैं। एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए एक शिखर सम्मेलन में रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी। 2017 में भारत और पाकिस्तान एससीओ के स्थायी सदस्य बने। 2023 में ईरान इस समूह में शामिल हुआ।

