पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भारत दौरे पर दिल्ली आए हैं. उन्होंने SCO फोरम में हिस्सा लिया. इस बीच उनके एक बयान की चर्चा हो रही है. दरअसल, दिल्ली में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने पहुंचे मलिक से जब भारत आने को लेकर सवाल हुआ, तो उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि दोबारा आप गिला नहीं करेंगे और हमारा आना-जाना रहेगा.
उनके इस बयान में भारत के साथ आगे भी आवाजाही जारी रहने की उम्मीद नजर आई. पाक मंत्री मुसादिक मलिक ने SCO फोरम में शामिल होने पर भी खुशी जताई.
उन्होंने कहा कि बैठक अच्छी रही और इससे अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों को एक-दूसरे को समझने का मौका मिलेगा. उन्होंने कहा कि बातचीत तभी आगे बढ़ सकती है, जब सभी देश एक-दूसरे का नजरिया समझने की कोशिश करें
'दूसरे पक्ष की सोच समझना जरूरी'
पाकिस्तान के मंत्री ने कहा कि हर देश दुनिया को अपने नजरिए से देखता है. लेकिन बातचीत के लिए दूसरे पक्ष की सोच को समझना भी जरूरी है. अगर ऐसा नहीं होगा, तो किसी भी बातचीत से आगे बढ़ने का रास्ता नहीं निकलेगा.
उन्होंने कहा कि बातचीत के लिए अपना नजरिया बड़ा करना पड़ता है. अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि जब साथ बैठते हैं, तो उन्हें एक-दूसरे की बात सुनने और समझने का मौका मिलता है. इससे आपसी समझ बढ़ती है और क्षेत्र के हालात बेहतर करने में मदद मिल सकती है.
पाकिस्तान में भी हजारों लोगों की जान गई है. उन्होंने इस मामले में पारदर्शिता की जरूरत बताई. साथ ही कहा कि दोनों देशों को सबूत सामने रखने चाहिए. मुसादिक मलिक ने कहा कि पाकिस्तान कई बार एक ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव दे चुका है, जिससे दोनों देशों के बीच भरोसा बढ़ सके. उनके मुताबिक, जरूरी सबूत सामने आने से समाधान निकालने में मदद मिलेगी

