इनकम टैक्स विभाग ने जुलाई 2018 में बेंगलुरु के एक कारोबारी अमरलाल के घर और लॉकर पर छापा मारकर 4.10 करोड़ रुपये कैश और 8.11 करोड़ रुपये की ज्वेलरी जब्त की थी। विभाग ने इस नकदी, सोने और हीरे के आभूषणों को अघोषित संपत्ति मानते हुए स्पेशल रेट (धारा 115BBE के तहत भारी टैक्स और जुर्माना) से टैक्स लगाने की कार्रवाई की थी। हालांकि, कारोबारी ने इस कार्रवाई को इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल (ITAT), बेंगलुरु में चुनौती दी और केस जीत लिया।
क्या-क्या मिला छापे में?
20 जुलाई 2018 को इनकम टैक्स विभाग ने कारोबारी अमरलाल के बेंगलुरु स्थित जेसी रोड के घर और उनके लॉकर की तलाशी ली थी।
इस दौरान अधिकारियों को लॉकर से 3.90 करोड़ रुपये और घर से 20 लाख रुपये कैश मिला। इस तरह कुल 4.10 करोड़ रुपये जब्त किए गए।
तलाशी में लॉकर से करीब 8.11 करोड़ रुपये की ज्वेलरी भी मिली। इसमें 751.52 ग्राम सोना और 81.470 कैरेट हीरे शामिल थे। विभाग ने इन आभूषणों को भी जब्त कर लिया।
इसके अलावा, लॉकर से 16.25 लाख रुपये की दो घड़ियां भी मिलीं, जिन्हें अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया।
कारोबारी ने क्या दी थी सफाई?
इनकम टैक्स के असेसिंग ऑफिसर (AO) ने 4.10 करोड़ रुपये कैश को आयकर अधिनियम की धारा 69A के तहत अघोषित नकदी और गहनों-घड़ियों को धारा 69 के तहत अघोषित निवेश मान लिया। अधिकारी ने इस पर टैक्स लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। अमरलाल ने अधिकारी को बताया कि उन्होंने अपने इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) में 19.26 करोड़ रुपये की कुल आय दिखाई है, जिसमें 18.11 करोड़ रुपये बिजनेस इनकम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लॉकर में रखा पैसा रियल एस्टेट कमीशन और साहूकारी के बिजनेस से कमाया गया था, जबकि घर से मिला कैश परिवार के सदस्यों का है। गहनों की जानकारी पहले ही वेल्थ टैक्स रिटर्न में दी जा चुकी थी और घड़ियां उन्हें बहन से गिफ्ट में मिली थीं। लेकिन टैक्स अधिकारी उनकी दलीलों से संतुष्ट नहीं हुए।
आईटीएटी में कारोबारी ने जीता केस
अमरलाल ने इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 132(4) के तहत दर्ज बयान में नकदी के स्रोत और उसकी प्रकृति के बारे में बताया था।
कारोबारी के ऑडिटेड वित्तीय रिकॉर्ड और आईटीआर से पता चलता था कि उनकी आय का मुख्य स्रोत बिजनेस था। जब्त की गई नकदी और ज्वेलरी को भी संबंधित साल के बिजनेस इनकम रिकॉर्ड में शामिल किया गया था।
कारोबारी और उनके परिवार के सदस्यों ने पहले के वेल्थ टैक्स रिटर्न में ज्वेलरी का ब्योरा दिया था। इससे यह साबित करने में मदद मिली कि आभूषण पहले से घोषित थे।
छापे के महज तीन दिन बाद अमरलाल ने नोटरी के सामने एक हलफनामा देकर अपनी बात स्पष्ट की थी। इसमें उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान वह ज्वेलरी से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं दे पाए थे।
असेसिंग ऑफिसर ऐसा कोई स्वतंत्र सबूत पेश नहीं कर सके, जिससे साबित होता कि जब्त की गई संपत्ति कारोबारी की घोषित बिजनेस गतिविधियों से नहीं जुड़ी थी।
कारोबारी को कितना टैक्स देना होगा?
आईटीएटी ने कहा कि जब्त की गई नकदी और ज्वेलरी को अघोषित आय मानकर सेक्शन 69 और 69A के तहत टैक्स नहीं लगाया जा सकता। इन्हें कारोबारी की बिजनेस इनकम माना जाएगा। इसका मतलब है कि इन संपत्तियों पर सामान्य टैक्स दर से टैक्स लगेगा। इन पर अघोषित आय के मामलों में लागू सेक्शन 115BBE की विशेष टैक्स दर नहीं लगेगी। यानी कारोबारी को टैक्स से पूरी छूट नहीं मिली है, बल्कि टैक्स लगाने का तरीका बदल गया है।
स्पेशल टैक्स और सामान्य टैक्स में अंतर
सेक्शन 115BBE (अघोषित आय पर टैक्स): इसके तहत सीधे 60% टैक्स + 25% सरचार्ज + 4% सेस लगता है, जो कुल मिलाकर 78% (और पेनल्टी जोड़कर 84% तक) बैठता है। यानी कुल 12.37 करोड़ रुपये की जब्त संपत्ति पर कारोबारी को लगभग 9.5 से 10 करोड़ रुपये टैक्स और जुर्माने में देने पड़ते।
सामान्य बिजनेस इनकम टैक्स: अब इस आय पर अधिकतम 30% स्लैब के हिसाब से ही टैक्स लगेगा। इसमें सरचार्ज/सेस भी लागू होगा। साथ ही कारोबारी इसमें अपने बिजनेस के खर्चों की कटौती भी क्लेम कर सकता है। इससे उसे सीधे 4 से 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की बचत हुई।

