अक्सर लोग नया सिम खरीदते हुए सोचते हैं कि प्रीपेड या पोस्टपेड दोनों ही नंबर पर एक जैसी इंटरनेट स्पीड मिलेगी लेकिन भारती एयरटेल की सितंबर 2026 की क्वालिटी ऑफ सर्विस ने इस थ्योरी को गलत साबित कर दिया है। दरअसल इस रिपोर्ट ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि पोस्टपेड कस्टमर्स को प्रीपेड की तुलना में बेहतर स्पीड मिलती है। इस रिपोर्ट को देखने के बाद हो सकता है कि आपको भी अपने प्रीपेड नंबर पर खराब स्पीड का असल कारण पता चल जाए।
डाउनलोड स्पीड में पोस्टपेड बेहतर
एयरटेल की क्वालिटी ऑफ सर्विस रिपोर्ट के अनुसार पोस्टपेड प्लान की नॉर्मल डाउनलोड स्पीड 23 Mbps रही वहीं प्रीपेड पर यह स्पीड 18 Mbps थी। असल टेस्टिंग के दौरान मापी गई 80वें परसेंटाइल स्पीड में भी सभी 22 सर्किल में पोस्टपेड आगे रहा।
यहां सबसे बेहतर स्पीड दिल्ली के पोस्टपेड कस्टमर्स को मिली, जो कि 478.46 Mbps की डाउनलोड स्पीड थी। वहीं प्रीपेड में यह डाउनलोड स्पीड 464.54 Mbps रही।
असल फर्क असम और पश्चिम बंगाल में दिखा जहां, पश्चिम बंगाल नें पोस्टपेड स्पीड 211.44 Mbps और प्रीपेड स्पीड महज 100.84 Mbps दर्ज की गई।
अपलोड स्पीड में भी पोस्टपेड यूजर्स ही रहे आगे
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसा नहीं है कि पोस्टपेड कनेक्शन ने सिर्फ डाउनलोड स्पीड में बाजी मार ली। असल में अपलोड स्पीड में भी पोस्टपेड नंबर ही आगे रहे। सामान्य अपलोड स्पीड पोस्टपेड यूजर्स के लिए 10 Mbps और प्रीपेड के लिए 8 Mbps दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा तेज पोस्टपेड स्पीड असम में दर्ज की गई, जो कि 103.71 Mbps थी। यही पश्चिम बंगाल में 101.25 Mbps और नॉर्थ-ईस्ट सर्किल में 100.25 Mbps मापी गई। इसके उलट प्रीपेड ग्राहकों को सबसे ज्यादा अपलोड स्पीड बिहार में 75.63 Mbps और पश्चिम बंगाल में 70.57 Mbps मिली।
पोस्टपेड यूजर्स को क्यों मिल रही बेहतर स्पीड?
एयरटेल के पोस्टपेड और प्रीपेड कनेक्शन में इंटरनेट स्पीड का फर्क मुख्य रूप से FastLane तकनीक की वजह से है। कंपनी ने इसे मई 2026 में पेश किया था। यह उन्नत 5G नेटवर्क स्लाइसिंग पर काम करती है। इसकी मदद से एयरटेल अपनी नेटवर्क क्षमता का खास हिस्सा पोस्टपेड ग्राहकों को उपलब्ध कराता है।
इससे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में भी उन्हें बिना रुकावट के तेज इंटरनेट मिल पाता है। Fastlane की यह सुविधा एयरटेल के सभी पोस्टपेड प्लान में मिल रही है।
कस्टमर सर्विस भी पोस्टपेड यूजर्स को बेहतर
पोस्टपेड नंबर सिर्फ इंटरनेट स्पीड के मामले में ही नहीं बल्कि कस्टमर सर्विस के मोर्चे पर भी बेहतर साबित हुए। सभी सर्किल में बिलिंग और चार्जिंग से जुड़ी शिकायतें महज 0.01 प्रतिशत रहीं, जिनका चार हफ्तों के भीतर 100 प्रतिशत समाधान किया गया।
इसके अलावा पोस्टपेड कस्टमर्स की कॉल सेंटर तक पहुंच 98.61 प्रतिशत से 99.81 प्रतिशत के बीच रही और सर्विस बंद करने या डिपॉजिट रिफंड करने के मामलों में कंपनी सभी नियमों का पालन करती मिली।

