Alexandr Wang On Superintelligence: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सुपर इंटेलिजेंस को लेकर मेटा एआई चीफ एलेक्जेंडर वांग ने एक लेख में भविष्य के खतरों और उससे निपटने की संभावनाओं पर बात की है। उन्होंने एआई इंडस्ट्री की आलसी सोच का जिक्र भी किया है, जिसमें कई लोग यह मानकर बैठ गए हैं कि इंसानों से भी अधिक ताकतवर एआई यानी सुपरइंटेलिजेंस का आना तय है। वांग का मानना है कि समाज की बागडोर को पूरी तरह से मशीनों के हाथों में सौंप देना कोई मजबूरी नहीं है।
150 साल पुरानी गुत्थी सुलझाई AI ने
X पर एक पोस्ट में एलेक्जेंडर वांग ने लिखा है कि एआई ने हाल ही में गणित की सबसे कठिन समस्या ‘रीमैन हाइपोथिसिस’ को हल कर दिखाया। इसे इंसान 150 साल से नहीं सुलझा पाया था। इसका मतलब है कि एआई के पास अब इतना तेज दिमाग आ गया है कि वह विज्ञान, दवाइयों, हथियार और खुद एआई की रिसर्च में भी इंसानों से हजार गुना तेज और स्मार्ट बन सकता है।
कब होगा बेकाबू होने का खतरा
एलेक्जेंडर वांग का मानना है कि अगर एआई को बिना किसी रोक-टोक के खुद को लगातार बेहतर बनाने के लिए छोड़ दिया गया, तो इंसान उस पर अपना नियंत्रण खो सकते हैं। एलेक्जेंडर वांग ने इस चेतावनी के साथ रास्ता भी दिखाया है। कहा है कि भविष्य अभी भी हमारे हाथ में है।
बदलनी होगी आलसी सोच
एलेक्जेंडर वांग के अनुसार, एआई इंडस्ट्री के कई लोग यह मानकर बैठ गए हैं कि इंसानों से अधिक ताकतवर एआई यानी सुपरइंटेलिजेंस का आना तय है और हम बस उसे थोड़ा सुरक्षित बनाने की कोशिश कर सकते हैं। वांग इस सोच को पूरी तरह से गलत मानते हैं। उनका कहना है कि सबकुछ मशीनों को सौंप देना कोई मजबूरी नहीं है।
वांग के पोस्ट से यह समझाने की कोशिश की गई है कि हम एक ऐसा एआई बना सकते हैं जो इंसानों की जगह लेने के बजाय उन्हें अधिक ताकतवर बनाए।
इसके लिए कंपनियों को अपनी कंप्यूटिंग शक्ति का इस्तेमाल एआई को बेकाबू बनाने में नहीं, बल्कि आम लोगों की मदद करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने में लगाना चाहिए।
वांग का कहना है कि मेटा अपने एआई मॉडल के लॉन्च टालकर और सुरक्षा समझौतों के जरिए यही करने की कोशिश कर रही है।
वांग ने यह भी बताया है कि उन्होंने जो कुछ कहा है उसमें से ज्यादातर बातें दूसरी बड़ी AI कंपनियों के प्रमुखों ने भी कही हैं। वांग के अनुसार, उन्हें अपने और मार्क जुकरबर्ग के कामों पर गर्व है, क्योंकि मेटा में सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा जाता है। कंपनी ने कई महीनों तक 'म्यूज' एआई की लॉन्चिंग को टाल दिया था।

