वोडा-आइडिया (Vi) की बेहद खास सर्विस सामने आई है। Vi ऐप से एयरटेल और जियो के मोबाइल नंबरों को भी रिचार्ज कराया जा सकता है। NBT Tech ने इस सुविधा को वोडा-आइडिया के ऐप पर देखा है। हमने टेस्टिंग के लिए 10 रुपये का मोबाइल रिचार्ज कराया और वह सफलतापूर्वक हो गया। यह सर्विस उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है, जो पेटीएम या फोनपे जैसे ऐप्स से रिचार्ज कराते हैं और रिचार्ज के अलावा अलग से प्लेटफॉर्म फीस देते हैं। इसके अलावा, जो लोग अपने पैरंट्स का मोबाइल रिचार्ज कराते हैं, वो भी Vi ऐप की इस सुविधा का फायदा ले सकते हैं।
Vi ऐप से Jio-Airtel का रिचार्ज कैसे कराएं
Vi ऐप पर जाएं, वहां होम पेज पर ही आपको प्रीपेड रिचार्ज का ऑप्शन दिखेगा, वहां क्लिक करें।
प्रीपेड रिचार्ज पर क्लिक करते ही ‘वन ऐप फॉर ऑल योर रिचार्ज’ की ब्रैंडिंग नजर आएगी।
उसके ठीक नीचे मोबाइल नंबर डालने का विकल्प है। वहां जियो या एयरटेल का मोबाइल नंबर डालें।
मोबाइल नंबर डालते ही आपको जियो-एयरटेल के सभी प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज दिखाई देने लगेंगे।
सिर्फ एक टैप में आप अपना नंबर रिचार्ज करा सकते हैं। मैंने 10 रुपये का वाउचर रिचार्ज कराया।
Vi ऐप से Jio-Airtel का रिचार्ज कैसे फायदेमंद?
अगर आपका सिम वोडा-आइडिया का है और परिवार में बाकी लोग एयरटेल या जियो का सिम रखते हैं तो उनका नंबर रिचार्ज कराने के लिए आपको पेटीएम-फोनपे इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है।
Vi ऐप की मदद से आप परिवार के किसी भी मेंबर का, अपने दोस्त का या किसी अन्य का मोबाइल रिचार्ज करा सकते हैं। यह सुविधा फिलहाल जियो-एयरटेल कस्टमर्स के लिए है। BSNL के रिचार्ज का विकल्प हमें नहीं दिखा।
जिन लोगों के मोबाइल में एयरटेल या जियो के ऐप नहीं हैं, लेकिन Vi का ऐप है, उन्हें जियो-एयरटेल का रिचार्ज कराने के लिए पेटीएम-फोनपे पर जाने की जरूरत नहीं। प्लेटफॉर्म फीस भी नहीं देनी होगी।Jio-Airtel के पास नहीं ऐसा विकल्प
खास यह है कि जियो या एयरटेल के पास इस तरह की सुविधा अभी नहीं है। सिर्फ वीआई ही ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसके मोबाइल ऐप से दूसरी टेलीकॉम कंपनियों का रिचार्ज कराया जा सकता है। हालांकि वीआई ने आधिकारिक रूप से इस सर्विस के बारे में अबतक कुछ नहीं बताया है। ऐसा लगता है कि हाल ही में इस सुविधा को शुरू किया गया है। इस सर्विस का सबसे अधिक फायदा उन लोगों को होने वाला है जो वीआई का नंबर रखते हैं, लेकिन परिवार या दोस्तों के मोबाइल रिचार्ज भी कराते हैं।

