आज के समय में स्मार्टफोन का वाई-फाई हॉटस्पॉट सिर्फ एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस में इंटरनेट शेयर करने का जरिया नहीं रह गया है। ज्यादातर एंड्रॉइड यूजर्स मोबाइल हॉटस्पॉट का इस्तेमाल केवल मोबाइल डेटा शेयर करने के लिए करते हैं, लेकिन एडवांस्ड एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम में ऐसे कई एडवांस फीचर्स छिपे होते हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। ये फीचर्स ना सिर्फ आपके हॉटस्पॉट की स्पीड बढ़ाते हैं, बल्कि आपकी प्राइवेसी और फोन की बैटरी को भी बचाकर रखते हैं।
आपके फोन का मोबाइल हॉटस्पॉट कई ऐसे अन्य फीचर भी देता है, जिनके इस्तेमाल के बारे में शायद आपने कभी सोचा भी ना हो। इसकी मदद से आप अपने फोन को होम इंटरनेट ट्रबलशूटर, वाई-फाई रिपीटर, अपने सभी डिवाइस के लिए ऑफलाइन राउटर और कई चीजों के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आपके वाई-फाई राउटर के लिए एक मॉडेम की तरह भी काम कर सकता है, जिससे आपके घर के सभी डिवाइस ऑनलाइन आ सकते हैं। आइये, मोबाइल हॉटस्पॉट के अन्य इस्तेमाल के बारे में जानते हैं।
मोडेम की तरह कर सकते हैं इस्तेमाल
अगर आपके घर का ब्रॉडबैंड बंद हो जाए, तो आपका एंड्रॉइड फोन मेन वाई-फाई राउटर के लिए मोडेम की तरह काम कर सकता है। फोन को राउटर से USB टेथरिंग, ईथरनेट या फिर बिना केबल के WISP मोड के जरिए कनेक्ट किया जा सकता है। इससे घर के सभी वायर्ड और वायरलेस डिवाइसेज तक इंटरनेट पहुंच जाएगा। यह तरीका फोन के वाई-फाई हॉटस्पॉट की लिमिट से बचने का एक आसान और बेहतर तरीका है। हालांकि कुछ पुराने या ISP प्रोवाइडेड राउटर स्मार्टफोन्स को मोडेम के तौर पर सपोर्ट नहीं करते हैं।
वाई-फाई रिपीटर या परमानेंट हॉटस्पॉट के लिए करें यूज
एंड्रॉइड फोन उसके मोबाइल हॉटस्पॉट फीचर के जरिए वाई-फाई रिपीटर या परमानेंट हॉटस्पॉट की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर घर के किसी कोने में वाई-फाई सिग्नल कमजोर है, तो फोन को अपने मेन वाई-फाई से कनेक्ट करके उसका हॉटस्पॉट ऑन कर दें। ध्यान रखें कि इस हॉटस्पॉट का नाम मेन वाई-फाई से अलग रखें ताकि डिवाइसेज बार-बार डिस्कनेक्ट न हों और बेहतर रेंज के लिए 2.4GHz बैंड चुनें। इसके अलावा, गैरेज या फार्महाउस जैसी जगहों पर स्मार्ट होम और सिक्योरिटी कैमरों को 24 घंटे ऑनलाइन रखने के लिए फोन को एक परमानेंट हॉटस्पॉट बनाया जा सकता है। इसके लिए फोन को चार्जर से जोड़कर रखें, ऑटोमैटिक टर्न-ऑफ फीचर बंद कर दें, चार्जिंग लिमिट ऑन रखें और ओवरहीटिंग से बचाने के लिए फोन को ठंडी जगह पर रखें।
बिना इंटरनेट के बनाएं LAN नेटवर्क
यह फीचर कम इस्तेमाल होने वाला, लेकिन बेहद काम का है। बिना मोबाइल डेटा या इंटरनेट के भी आप अपने फोन के हॉटस्पॉट से एक ऑफलाइन लोकल नेटवर्क (LAN) बना सकते हैं, जो कैंपिंग या बिना नेटवर्क वाली जगहों पर बेहद काम आता है। इस लोकल नेटवर्क से जुड़े डिवाइसेज आपस में इंटरनेट के बिना भी LocalSend जैसी ऐप्स से भारी फाइलें ट्रांसफर कर सकते हैं, मीडिया स्ट्रीम कर सकते हैं या गेमिंग पीसी से टीवी पर लोकल गेमिंग कर सकते हैं। हालांकि, यह नॉर्मल राउटर जितना पावरफुल नहीं होता, इसलिए बहुत हैवी स्ट्रीमिंग नहीं हो पाएगी। इसे इस्तेमाल करने से पहले अपने फोन का डेटा बंद करके हॉटस्पॉट ऑन करें और दो डिवाइसेज को जोड़कर चेक कर लें।

