भोपाल की परवलिया सड़क पुलिस ने बायपास रोड पर घेराबंदी कर दो युवकों को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से 12.63 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बाइक से एमडी ड्रग्स लेकर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमें बनाकर बायपास रोड पर घेराबंदी की गई।
रात करीब 1:40 बजे पुलिस को बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के चलते पकड़े गए।
तलाशी में तरुण सराठे (24), निवासी छावनी पठार, बिलखिरिया के पास से 12.63 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। उसके साथ बाइक पर सवार अखिलेश मेहरा (24), निवासी छावनी पठार को भी गिरफ्तार किया गया।
दोनों पर पहले से केस
पुलिस के अनुसार, तरुण के खिलाफ बिलखिरिया थाने में मारपीट और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। वहीं, अखिलेश के खिलाफ मारपीट के चार प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस ड्रग्स की सप्लाई और उससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

