करवा चौथ के उत्सव, पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच रविवार को कोलार रोड स्थित प्राइड होटल में ‘गोल्ड प्री करवा चौथ सीजन-2’ का आयोजन हुआ।
दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक चले कार्यक्रम में डांस, रैंप वॉक और मनोरंजक गतिविधियों ने समां बांधा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से करवा चौथ के उल्लास को मंच पर उतारा।
कार्यक्रम में कपल्स सहित अन्य प्रतिभागियों ने अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लिया। डांस और रैंप वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
संगीत और मनोरंजक गतिविधियों के बीच आयोजन में उत्सवी माहौल बना रहा। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को गोल्ड गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक हर्षा पांडेय ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य करवा चौथ के उल्लास को साझा करने के साथ महिलाओं और कपल्स को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री इंदल सिंह कंसाना की पत्नी संजना कंसाना शामिल हुईं। वहीं, योगिता चावरे ने आयोजन के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी।

