यूपी में रविवार को PET-2026 परीक्षा का पहला दिन रहा। प्रदेश के 60 जिलों में 1,372 केंद्रों पर परीक्षा हुई। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और आधार कार्ड की जांच, बायोमेट्रिक मिलान और फेस-रेटिना स्कैन के बाद ही प्रवेश दिया गया।

कन्नौज में पहली पाली में गलत परीक्षा केंद्र पहुंची एक छात्रा रोने लगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे बाइक से सही केंद्र तक लेकर पहुंचा। लखनऊ में जांच के दौरान लड़कियों के कलावे काटे गए। उनकी कान की बालियां और हेयर पिन उतरवाई गईं। लड़कों के जूते-मोजे भी उतरवाए गए।

कानपुर और बरेली में लड़कियों के बाल खुलवाकर जांच की गई। अलीगढ़ में महिलाओं ने पायल और गले की चेन उतारकर परिजनों को दी, इसके बाद परीक्षा केंद्र में एंट्री मिली। मथुरा में कुछ लड़कों ने दांत से कलावा काटा। उनकी बेल्ट भी उतरवाई गई। अलीगढ़ में अभ्यर्थियों के रूमाल बाहर रखवा लिए गए।

पुलिसकर्मी सादी वर्दी में केंद्रों के बाहर गश्त करते रहे। परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। गाजियाबाद में दूसरी पाली में एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया।

पहले दिन 11.80 लाख अभ्यर्थियों में से 8.21 लाख ने परीक्षा दी। परीक्षा में 69.63% अभ्यर्थी शामिल हुए। अब PET-2026 परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होगी। हर दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस तरह कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न होगी।


गाजियाबाद में दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया युवक

यूपी के गाजियाबाद में रविवार, 25 अक्टूबर को PET-2026 की दूसरी पाली में एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। युवक की पहचान पवन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह रजनेश शर्मा की जगह परीक्षा दे रहा था। उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

वहीं, AI की मदद से परीक्षा की पहली पाली में 14 और दूसरी पाली में 7 अभ्यर्थियों को संदिग्ध पाया गया है। इन सभी की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


यूपी PET के पहले दिन 8.21 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 69.63% रही उपस्थिति

यूपी में PET-2026 परीक्षा का पहला दिन 25 अक्टूबर को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई।

आयोग के अनुसार, पहले दिन परीक्षा के लिए 11,80,434 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 8,21,986 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह कुल उपस्थिति 69.63% रही। तीन दिवसीय परीक्षा के लिए कुल 35,41,297 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं। परीक्षा के अगले चरण 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होंगे।

अलीगढ़ में 39 केंद्रों पर PET परीक्षा संपन्न, दोनों पालियों में 26,166 अभ्यर्थी शामिल

अलीगढ़ में रविवार को 39 केंद्रों पर UPSSSC की PET-2026 परीक्षा संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 38,208 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 13,193 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,911 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में 12,973 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 6,131 अनुपस्थित रहे।

पहली पाली में 69.05% और दूसरी पाली में 67.90% उपस्थिति दर्ज की गई। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 26,166 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।


प्रयागराज में परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकलीं कुंडा निवासी अभ्यर्थी शिवानी ने बताया कि पेपर का स्तर मध्यम रहा। न तो इसे बहुत कठिन कहा जा सकता है और न ही बहुत आसान।

शिवानी के मुताबिक, सामान्य ज्ञान और करेंट अफेयर्स के सवाल अच्छे और पाठ्यक्रम के अनुसार थे। पहली पाली की तुलना में इतिहास और उत्तर प्रदेश से जुड़े प्रश्न बेहतर लगे। हालांकि, गणित में डेटा इंटरप्रिटेशन (DI) के सवालों ने थोड़ा उलझाया। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए पेपर ठीक-ठाक रहा।


प्रयागराज सेंटर पर दूसरी पाली की परीक्षा देकर निकले गाजीपुर निवासी अभ्यर्थी मनीष रंजन ने बताया कि पेपर औसत रहा। उन्होंने करीब 85 से 86 प्रश्न हल किए। मनीष के मुताबिक, पिछली बार की तुलना में इस बार उनका प्रदर्शन बेहतर रहा।

विषयवार बात करते हुए उन्होंने बताया कि इंग्लिश का पेपर आसान था, जबकि सामान्य ज्ञान (GK/GS) का सेक्शन थोड़ा चुनौतीपूर्ण लगा।


गाजियाबाद की शिखा ने कहा कि पेपर बहुत सरल था। बहुत डूएबल (करने योग्य) पेपर था। थोड़ी सी प्रिपरेशन के साथ डूएबल था। मैंने वीडियो लेक्चर्स सुने। नोट्स बनाए और सेल्फ प्रिपरेशन किया।


गाजियाबाद में पीईटी की पहली पाली की परीक्षा खत्म हो गई है। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर आसान था। सवाल हल करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।


अलका सिंह ने बताया कि पेपर में DI के ज्यादा सवाल आए थे। इसके बाद करंट अफेयर्स के सवाल थे, जबकि रीजनिंग के ज्यादा सवाल नहीं आए। GS में कोई ऐसा सवाल नहीं था, जिसमें ज्यादा उलझना पड़ा हो या हल करने में समय लगा हो। जिसे सवाल आता होगा, उसने हल कर लिया होगा। मैंने कुल 68 सवाल हल किए हैं।


गोरखपुर में PET 2026 की पहली पाली की परीक्षा समाप्त हो गई है। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर का स्तर मॉडरेट था। जीएस के कुछ सवाल उलझाने वाले थे, जबकि बाकी सेक्शन आसान रहा। दूसरी पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की एंट्री दोपहर 1 बजे से शुरू होगी।


फतेहपुर के चौड़गरा चौराहे पर रविवार सुबह ड्यूटी कर रहे हेड कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र सिंह और कांस्टेबल मनीष कुमार शुक्ला ने PET की परीक्षा देने आई छात्रा प्रतिमा साहू की मदद की। प्रयागराज से आई छात्रा का सेंटर बिंदकी के राजकीय इंटर कॉलेज में था, जो चौराहे से 12 किमी दूर था। साधन नहीं मिलने से छात्रा रोने लगी। दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे निजी गाड़ी से समय पर सेंटर पहुंचा दिया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने दोनों को 5-5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया।


विकास शर्मा ने बताया कि पेपर ज्यादा कठिन नहीं था। इसे मीडियम या मॉडरेट कह सकते हैं। न ज्यादा कठिन था और न ही बहुत आसान। पेपर में DI के 2-3 सवाल थे। GS और करंट अफेयर्स का वेटेज भी ठीक था। हिंदी के भी दो-चार सवाल पूछे गए थे।

करंट अफेयर्स के कुछ सवाल थोड़े उलझाने वाले थे। इनमें 2026 के साथ 2025 से जुड़े सवाल भी पूछे गए थे। जो अभ्यर्थी पढ़कर आए थे, वे आसानी से सवाल हल कर सकते थे। करीब 80 सवाल आसान थे। हालांकि, एक-दो सवाल ऐसे भी थे, जो अभ्यर्थियों को परेशान कर सकते थे। कुल मिलाकर पेपर ठीक था और तैयारी करके आने वालों के लिए इसे हल करना आसान रहा।


मेरठ में पहली पाली की परीक्षा खत्म हो गई है। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर आसान था। सवाल हल करने में कोई खास परेशानी नहीं हुई। अभ्यर्थियों के मुताबिक, पेपर में किसी तरह की समस्या नहीं आई।


हाथरस के बागला डिग्री कॉलेज में इगलास से परीक्षा देने आई एक महिला अभ्यर्थी 10 मिनट देरी से पहुंची। उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। वह काफी देर तक गेट पर खड़ी रही। महिला का कहना था कि रास्ते में काफी ट्रैफिक होने के कारण उसे पहुंचने में देर हो गई। उसने फोटो और वीडियो बनवाने से भी इनकार कर दिया। परीक्षा छूटने के कारण वह पहले से ही काफी परेशान थी।


बाराबंकी के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बरौली, जाटा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यह सेंटर अयोध्या हाईवे से करीब 8 किमी अंदर गांव में है। यहां आने-जाने के लिए कोई सवारी साधन नहीं है। साधन नहीं मिलने से एक छात्रा परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंची।

छात्रा ने डायल-112 पर कॉल कर मदद मांगी। पीआरवी पुलिस उसे सुबह 9:55 बजे केंद्र लेकर पहुंची, लेकिन देरी का हवाला देकर प्रवेश नहीं दिया गया। छात्रा गेट पर पुलिसकर्मियों से एंट्री देने की गुहार लगाती रही, लेकिन उसे अंदर नहीं जाने दिया गया। वह काफी देर तक गेट के बाहर खड़ी रोती रही। इसके बाद पीआरवी पुलिस छात्रा को लेकर लौट गई।


परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का थ्री-स्टेप वेरिफिकेशन किया जा रहा है। पहले चरण में यूपी पुलिस की टीम एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। दूसरे चरण में परीक्षा नियंत्रण की टीम स्कैनिंग कर सामान की चेकिंग कर रही है। तीसरे चरण में केंद्र की टीम फिंगरप्रिंट, आधार और एडमिट कार्ड का वेरिफिकेशन करने के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दे रही है।