राजस्थान के 16 जिलों की 3314 पंचायतों में रविवार को पहले चरण में उपसरपंचों का चुनाव हुआ। उपसरपंच के चुनाव में वार्ड पंचों ने वोट किया।
डूंगरपुर के सीमलवाड़ा की डूका पंचायत में नामांकन प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की अचानक तबीयत खराब हो गई।
हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत का कारण सामने नहीं आया है। वहीं, 16 जिलों में शनिवार को पहले चरण में पंच-सरपंच के लिए वोटिंग के बाद मतगणना हुई।
रविवार सुबह अलवर की गारू में पंच और सरपंच के चुनाव में मतगणना पर विवाद हो गया है। बड़ी संख्या मे लोग मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। बीकानेर की केला ग्राम पंचायत में पत्थरबाजी हो गई।
भीलवाड़ा में सरपंच के बेटे की कार पर पथराव
भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र की गुढ़ा ग्राम पंचायत में रविवार को नवनिर्वाचित सरपंच अख्तरी के बेटे जुबेर की कार पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया।
पत्थर लगने से कार के फ्रंट और साइड के शीशे टूट गए। जुबेर की आंख पर मामूली चोट आई। सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
28 हजार से ज्यादा वार्ड पंच करेंगे चुनाव
16 जिलों के गांवों में 28,682 वार्ड पंच मिलकर 3314 उपसरपंच चुनेंगे।
उप सरपंच के चुनाव में वार्ड पंच ही वोट करते हैं, इसमें आम वोटर्स की भागीदारी नहीं होती।
आज सभी 3314 ग्राम पंचायतों के वार्ड पंचों की बैठकें हैं, नामांकन प्रक्रिया के बाद दोपहर बाद तक वोटिंग और तत्काल बाद वोटों की गिनती कर रिजल्ट जारी किया जाएगा।
सरपंच की तरह ही उपसरपंच के चुनाव में भी पार्टी सिंबल नहीं होता। दलगत आधार पर चुनाव नहीं होता।
उपसरपंच नामांकन प्रक्रिया के दौरान BLO की मौत
डूंगरपुर जिले में सीमलवाड़ा क्षेत्र की डूका पंचायत के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अशोक बारिया की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
उनकी उप सरपंच के नामांकन की प्रक्रिया के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई थी।
इसके बाद उन्हें सीमलवाड़ा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रिकाउंटिंग की मांग, SDM बोले- गड़बड़ी है तो लिखकर दें
अलवर के कठूमर गारू ग्राम पंचायत में धरने पर पहुंचे एसडीएम श्याम सुंदर ने ग्रामीणों से कहा कि जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों को लिखित में जांच का आश्वासन भी दिया, लेकिन ग्रामीण लगातार रिकाउंटिंग की मांग पर अड़े रहे।
इस पर एसडीएम ने कहा- ग्रामीण रिकाउंटिंग का कोई ठोस आधार लिखित में दें, ताकि उसे आगे भेजा जा सके।
कठूमर में दूसरे नंबर पर रही प्रत्याशी धरने पर बैठी
अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति की गारू ग्राम पंचायत के परिणाम घोषित होने के बाद विवाद हुआ है।
दूसरे नंबर पर रही प्रत्याशी हरदेवी अपने समर्थकों के साथ रविवार सुबह सरकारी स्कूल के बने मतदान केंद्र बाहर धरने पर बैठ गईं।
हरदेवी के भतीजे मनोज कुमार ने बताया- मेरी चाची हरदेवी को करीब 76 वोटों से हारा हुआ घोषित किया गया है।
आरोप है कि रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मतदान केंद्र पहुंचे तो स्कूल में बैलेट पेपर की एक गड्डी पड़ी मिली है। वोटिंग में गड़बड़ी की आशंका है।
बीकानेर में पुलिस की गाड़ियां तोड़ी, पत्थरबाजी
बीकानेर जिले की छतरगढ़ पंचायत समिति की केला ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव का परिणाम देर रात घोषित होने के बाद रविवार सुबह विवाद हो गया।
जमीला पत्नी इकबाल की जीत के बाद कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पुलिस-प्रशासन की तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।

