चूरू में तेज रफ्तार कार के ट्रक में घुसने से एक परिवार के पांच सदस्यों और ड्राइवर की मौत हो गई थी। इनमें पति-पत्नी, बहू और पोते शामिल हैं। ये लोग बच्चों का मुंडन करवाने गुरुग्राम (हरियाणा) में कुलदेवी के मंदिर जा रहे थे।
हादसे से करीब दो घंटे पहले छोटी बहू ने वॉट्सएप स्टेटस लगाया था। इस वीडियो में पूरा परिवार कार में बैठा खुश नजर आ रहा था। शनिवार सुबह 8:30 बजे कार का सादुलपुर (चूरू) के ददरेवा के पास एक्सीडेंट हो गया।
तारानगर थाना इलाके के सोमसीसर गांव निवासी भंवरलाल शर्मा (60), उनकी पत्नी महेंद्र देवी (55), बहू यशोदा (34) पत्नी संजय, बहू कविता (28) पत्नी संदीप, कविता के 4 महीने के बेटे कन्हैया और कार ड्राइवर मांगीलाल नाई (31) की मौत हो गई। यशोदा की 9 महीने की बेटी दिव्यांशी घायल है। टक्कर के दौरान वह उछलकर कार में नीचे पैरों की ओर गिर गई थी।
शाम को 6 लोगों के शव जैसे ही गांव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। एक परिवार की चार चिता (सास, ससुर और दो बहू) एक साथ जलीं। हर किसी की आंखें नम थीं। गांव में शाम को चूल्हा तक नहीं जला।
बाइक सवार ने की मदद, ग्रामीणों ने बच्ची को निकाला
प्रत्यक्षदर्शी रामकरण पुनिया ने बताया- मैं बाइक से ददरेवा से राजगढ़ (सादुलपुर) जा रहा था। ददरेवा से करीब एक किलोमीटर आगे पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार सामने चल रहे ट्रक में घुस गई। यह देखकर मैंने बाइक रोकी और कार के पास पहुंचा। वहां मौजूद ददरेवा निवासी मोहर सिंह और रतन सिंह भी मदद के लिए दौड़े।
सुबह 6:15 बजे घर से निकला था परिवार
भंवरलाल शर्मा (मृतक) के छोटे भाई मांगीलाल ने बताया- 24 अक्टूबर को सुबह करीब 6:15 बजे मेरा भाई परिवार के साथ गुरुग्राम में कुलदेवी गुड़गांव वाली माता के मंदिर के लिए निकला था। वे पोते कन्हैया और पोती दिव्यांशी का मुंडन कराने जा रहे थे।
एक दिन पहले ही खेत में जाते समय भाई भंवरलाल से मुलाकात हुई थी। तब उन्होंने बताया था कि दोनों बच्चों का मुंडन एक साथ हो जाएगा।
बेटों से कहा था छोटा सा एक्सीडेंट हुआ है, घर आ जाओ
मांगीलाल ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे हादसे की सूचना मिली तो मैं तुरंत सादुलपुर के लिए रवाना हो गया। गुजरात में नौकरी कर रहे भतीजे (भंवरलाल के बेटे) संजय और संदीप को फोन कर कहा कि छोटा सा एक्सीडेंट हुआ है। किसी को ज्यादा चोट नहीं लगी, फिर भी घर आ जाओ। दोनों बेटों को उस समय परिवार के लोगों की मौत की जानकारी नहीं दी।
घर से निकलने से पहले लगाया था वॉट्सएप स्टेटस
छोटी बहू कविता ने घर से निकलते ही वॉट्सएप पर वीडियो स्टेटस लगाया था। यशोदा आगे की सीट पर बैठी थी। उसकी गोद में बेटी दिव्यांशी थी। कविता बीच की सीट पर बैठी थी और उसकी गोद में उसका बेटा कन्हैया सो रहा था।
सास महेंद्र देवी भी यशोदा के पास सो रही थीं, जबकि ससुर भंवरलाल शर्मा पीछे की सीट पर थे। वीडियो में ड्राइवर मांगीलाल गाड़ी चलाता दिखाई दे रहा है।
राजस्थान के चूरू में तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। शनिवार सुबह 8.30 बजे हुए हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों और ड्राइवर की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी, मां-बेटे शामिल है। सादुलपुर (चूरू) के ददरेवा में हुए एक्सीडेंट में 9 महीने की बच्ची गंभीर घायल है।

