ग्वालियर में गुमशुदा और अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत मुरार थाना पुलिस को सफलता मिली है। कॉलेज जाने का कहकर घर से निकली 21 वर्षीय छात्रा लापता हो गई थी। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान छात्रा का मोबाइल हरियाणा के कैथल में ऑन होने की जानकारी मिली।
इसके बाद ग्वालियर पुलिस की टीम हरियाणा पहुंची और 23 अक्टूबर को कैथल की आजाद कॉलोनी में एक कमरे से छात्रा को बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वह वहां से गायब हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश और सीएसपी मुरार संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
7 सितंबर को कॉलेज जाने के लिए निकली थी छात्रा
ग्वालियर के उपनगर मुरार निवासी फरियादी ने 7 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी सुबह करीब 9 बजे मुरार स्थित गर्ल्स कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी।
परिजन ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने परिजन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से हरियाणा पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरार थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ बगोली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर छात्रा के हरियाणा के कैथल में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई।
कैथल की आजाद कॉलोनी से बरामद हुई छात्रा
23 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने कैथल में शुगर मिल के पास स्थित आजाद कॉलोनी के एक कमरे में दबिश देकर छात्रा को बरामद किया। उसे सुरक्षित 24 अक्टूबर को रात 11 बजे ग्वालियर लाया गया है। पुलिस अब छात्रा के बयान दर्ज कर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत मुरार से लापता कॉलेज छात्रा को हरियाणा से बरामद कर लिया गया है। छात्रा के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

