ऐपल के iPhone में जब पहली बार मैगसेफ तकनीक को पेश किया गया था, तो सभी को लगा था कि यह सिर्फ वायरलेस चार्जिंग के काम आएगी। हालांकि, समय के साथ इस चुंबक वाली रिंग ने फोन को इस्तेमाल करने का तरीका पूरी तरह से बदल दिया है। दरअसर, आज बाजार में ऐसे कई गैजेट्स आ चुके हैं, जो इस मैग्नेटिक रिंग की मदद से फोन के पीछे चिपक कर आपके फोन के फीचर्स को बढ़ा सकते हैं। इसमें फोन के पीछे चिपकने वाला पर्स या वॉलेट, पावर बैंक और मैगसेफ स्पीकर्स तक शामिल हैं।
खास बात है कि अब कई एंड्रॉयड स्मार्टफोन भी इस मैगसेफ तकनीक को अपना चुके हैं और मैग्नेटिक रिंग वाले कवर की मदद से कोई भी इन गैजेट्स का फायदा ले सकता है।
मैग्नेटिक फोन स्टैंड आएगा बहुत काम
अगर आप फोन के पीछे वॉलेट नहीं लगाना चाहते या वॉलेट को स्टैंड की तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो आप मैग्नेटिक फोन स्टैंड भी ले सकते हैं। ऑनलाइन आपको इस तरह के स्टैंड अच्छी-खासी वैरायटी में देखने को मिल जाते हैं।
इनकी मदद से फोन को कहीं भी टिकाना काफी आसान हो जाता है। साथ ही फोन को हाथ पकड़ते वक्त बेहतर ग्रिप भी मिलती है। आजकल मल्टी फंक्शन वाले मैग्नेटिक स्टैंड भी आते हैं, जो न सिर्फ फोन टिकाने के बल्कि शीशे या टाइल जैसी समतल सतह पर चिपकाने का भी काम कर सकते हैं।
इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि ये फोन के पीछे हमेशा चिपके नहीं रहते। आप जब चाहें इन्हें हटा सकते हैं।
भारी पर्स से आजादी दिलाएगा मैगसेफ वॉलेट
आपने अक्सर लोगों के फोन कवर के अंदर नोट रखते देखा होगा लेकिन कैसा हो अगर आप फोन के पीछे पर्स रख सकें। मैगसेफ वॉलेट इसे संभव बनाता है और आज इतनी तरह के मैगसेफ वॉलेट बाजार में मिलते हैं कि आप फोन के पीछे कई कार्ड्स और कैस एक साथ रख सकते हैं। इसके अलावा कई मैगसेफ वॉलेट ऐसे भी आते हैं, तो फोन के पीछे स्टैंड का काम भी कर देते हैं।
मैगसेफ SSD से फोन की स्टोरेज बढ़ाएं
मैगसेफ गैजेट्स में एक बेहद काम की चीज SSD है। यह आपके फोन के पीछे चिपककर उसकी स्टोरेज को कई गुना बढ़ा सकती है। इससे फोन पर हाई-रेजोल्यूशन ProRes या 4K वीडियो शूट किए जा सकते हैं और इससे फोन की स्टोरेज भी नहीं भरती। इससे फोन की स्टोरेज जल्दी नहीं भरती और फोन का बैकअप लेना आसान हो जाता है। अगर आपका वीडियो शूट करने का काम है, तो मैगसेफ SSD आपके लिए बहुत काम की साबित हो सकती है।
बिना तार करें झंझट-मुक्त चार्जिंग
मैगसेफ तकनीक को फोन को वायरलेस तरीके से चार्ज करने के लिए लाया गया था। आज इसकी मदद से आप फोन को इस्तेमाल करते हुए चलते फिरते भी चार्ज कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए फोन में वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट होना चाहिए।
आजकल ऐसे मैगसेफ पावर बैंक भी आ गए हैं जो कि इनबिल्ट चार्जिंग केबल के साथ आते हैं। ये फोन के पीछे चिपक कर ऐसे स्मार्टफोन्स को भी तार की मदद से चार्ज कर सकते हैं, जो वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट नहीं कर सकते।
इन पावर बैंक का सबसे बड़ा फायदा ये रहता है कि चार्जिग के दौरान इन्हें अलग से संभालने की जरूरत नहीं पड़ती।
पोर्टेबल स्पीकर चलते-फिरते मिलेगा दमदार साउंड
अगर आप फोन पर म्यूजिक सुनने या वेब सीरीज जैसा कंटेंट देखना पसंद करते हैं, तो मैगसेफ ब्लूटूथ स्पीकर्स आपके बहुत काम आ सकते हैं। इससे कंटेंट देखने या म्यूजिक सुनने का अनुभव बहुत बेहतर हो जाता है और साथ ही यह स्पीकर फोन के पीछे चिपककर एक तरह से स्टैंड का काम भी कर लेता है।
कार में करें आसानी से माउंट
अगर आप फोन को गाड़ी में टिकाने की जगह ढूंढते रहते हैं, तो मैग्नेटिक कार माउंट आपके बहुत काम आ सकता है। इस कार माउंट को आप गाड़ी के डैशबोर्ड या AC वेंट पर लगा सकते हैं। यह माउंट आपके फोन को चुंबक की शक्ति से थामे रखता है।
इससे ड्राइविंग के समय फोन पर नेविगेशन करना काफी आसान हो जाता है। साथ ही कुछ माउंट वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट भी करते हैं, जिनकी मदद से आप फोन को माउंट पर टिकाए रखते हुए उसे चार्ज भी कर सकते हैं।

