यूपी में बुधवार को भाजपा ने गोरखपुर, कानपुर और प्रयागराज में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली निकाली। गोरखपुर में सीएम योगी ने राहुल-अखिलेश पर कहा- दोनों लड़कों की जोड़ी हारने के बाद बहाना ढूंढ़ती है। कभी EVM तो कभी SIR को दोषी ठहराते हैं, लेकिन कभी अपने नकारेपन को दोष नहीं देते। कांग्रेस राहुल गांधी को कितनी बार लॉन्च करेगी? राहुल का धुआं निकल चुका है।
उन्होंने कहा कि आप लोगों ने सपा अध्यक्ष का बयान पढ़ा होगा। दिल्ली का उनका बयान बड़ा विचित्र सा बयान था। वे कहते हैं कि अगली पीढ़ी हर लाठी और हर जख्म का बदला लेगी। सपा के बबुआ को थोड़ा समझाइए, लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी गोरखपुर में थे। उन्होंने माइक संभालते ही भोजपुरी में लोगों का हालचाल पूछा रउवा सब ठीक बानी ना?
नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा-
जिस लॉचिंग पैड की चर्चा मुख्यमंत्री जी आप कर रहे थे, उसका केवल रॉकेट ही नहीं खराब है। उसका लॉचिंग पैड भी खराब है, जो ऐसे-ऐसे नेता को पैदा करता है।

उन्होंने कहा- दिल्ली में हमारी भीड़ का 10 प्रतिशत भी विपक्ष रामलीला मैदान में नहीं जुटा पाया। विपक्ष देश को भरमाने का काम कर रहा है।
रैली में 12 जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग 'मोदी है-मोदी रहेगा' लिखी तख्तियां हाथों में लेकर रैली में शामिल हुए।
रैली के बाद महाराणा प्रताप कॉलेज से पदयात्रा निकाली गई। यात्रा में सहयोगी दलों के नेताओं में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी, निषाद पार्टी के संजय निषाद, सुभासपा के अरविंद राजभर के अलावा तमाम मुस्लिम लड़के भी शामिल हुए।
कानपुर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- विपक्ष के लोग बांग्लादेश जैसे हालात लाने और सड़कों पर उतरने की बात कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन का यह मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा। जनता का भरोसा इन दलों से उठ चुका है।
प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- राहुल गांधी अपने दादा का नाम नहीं लेते, क्योंकि दादा के नाम के साथ फिरोज खान जुड़ा हुआ है। मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि अभी 30 साल तक आप भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। अखिलेश यादव, आप भी 30 साल तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन सकते।
प्रयागराज में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने दादा का नाम नहीं लेते, क्योंकि उनके नाम के साथ फिरोज खान जुड़ा है। केशव ने कहा कि राहुल गांधी अगले 30 साल तक प्रधानमंत्री और अखिलेश यादव अगले 30 साल तक यूपी के मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। भाजपा ही वर्तमान और भविष्य है।
सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर 3 हजार से अधिक कार्यकर्ता पहुंचे। मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी 250 बाइकों की रैली के साथ पहुंचे। पदयात्रा धरना स्थल से शुरू होकर सुभाष चौराहे स्थित शहीद वॉल तक जाएगी।
कानपुर में डिप्टी सीएम ब्रजेश ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। वह करीब एक किलोमीटर तक पैदल चले। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- जेलों में बंद माफिया इस इंतजार में बैठे हैं कि कब भैया की सरकार आए और वे बाहर निकलकर फिर जनता पर अत्याचार करें।
पाठक ने विपक्ष पर संविधान और लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा के जरिए जनता को विपक्ष की राजनीति के बारे में बताएगी। साथ ही दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
पदयात्रा के दौरान सीएम योगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित अन्य नेताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
गोरखपुर में पदयात्रा महाराणा प्रताप कॉलेज कैंपस से शुरू हुई। रैली के बाद सीएम योगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव, निषाद पार्टी के संजय निषाद सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर निकले।
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि गोरखनाथ की धरती पर आना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है। यह क्रांतिकारियों की धरती है। मैं फिराक गोरखपुरी का एक नज्म कहकर अपनी वाणी को विराम देता हूं। ज़मीं भी जाग रही है, फ़लक भी जाग रहा है, उठो कि कारवाँ-ए-बेदारी-ए-वतन जाग रहा है। चलो, उठो, आगे बढ़ो।
नितिन नवीन ने कहा कि जिस लॉचिंग पैड की चर्चा मुख्यमंत्री जी आप कर रहे थे, उसका केवल रॉकेट ही नहीं खराब है। उसका लॉचिंग पैड भी खराब है, जो ऐसे-ऐसे नेता को पैदा करता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने माइक संभालते ही भोजपुरी में लोगों का हालचाल पूछा। कहा-रऊवा सब ठीक बानी ना? नितिन नवीन ने कहा कि दिल्ली में हमारी भीड़ का 10 प्रतिशत भी विपक्ष रामलीला मैदान में नहीं जुटा पाया। वह देश को भरमाने का काम कर रहा। विपक्ष को गलतफहमी है। ये लोग कह रहे कि एसआईआर की वजह से चुनाव हार रहे लेकिन ये जमीन पर काम करते, लोगों के साथ मिलकर काम करते तो ये दिन देखने को नहीं मिल रहा।
सीएम बोले- देश को बांग्लादेश बनाने वाले सुन लें यह नया भारत है
योगी ने कहा- जो लोग देश को बांग्लादेश बनाना चाहते हैं, फ्रांस बनाना चाहते हैं, वे जान लें कि यह नया भारत है, यह नया भारत अपने महापुरुषों का सम्मान करता है लेकिन अराजकता को स्वीकार नहीं करता है। आतंकवाद को बर्बाद करता है। नक्सलवाद को जहां जाना था, वहां पहुंचा दिया गया है। उन्होंने इस दौरान कहा- सभी लोगों दोनों हाथ उठाकर बोलें- लोकतंत्र बचाओ..अराजकता हटाओ।
इंडि गठबंधन पाकिस्तान और बांग्लादेशियों को वोटर लिस्ट में डलवाना चाहता- योगी
सीएम योगी ने कहा- कांग्रेस और उसके सहयोगियों को माफी मांगनी चाहिए। जब भी कोई घुसपैठिया, पाकिस्तानी, बांग्लादेशी मतदाता सूची में अपना नाम डलवाता है तो वह गरीब का, वंचित का, अनुसूचित का हक मारता है। इंडि गठबंधन का उद्देश्य भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना है।
सीएम बोले- हार गए तो कमल दोषी, ईवीएम दोषी, लोकतंत्र पर खतरा नजर आने लगता। अगर ईवीएम इतनी ही गलत थी तो उसी ईवीएम से जीतकर राहुल गांधी जीतकर संसद में शपथ क्यों लेते हैं। उनको इस्तीफा दे देना चाहिए।
दोनों लड़कों की जोड़ी हारने के बाद बहाना ढूंढ़ती है। कभी ईवीएम और कभी एसआईआर को दोषी ठहराते हैं लेकिन कभी अपने नकारापन को दोष नहीं देते।
योगी बोले- राहुल गांधी को कब नहीं लॉन्च किया गया। 2007 से उन्हें लॉन्च किया जा रहा है। 2017 में अध्यक्ष बनाकर लॉन्च किया गया। अमेठी में ही चुनाव हार गए। उन्हें लॉन्च करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। कागज के रॉकेट की तरह फुस्स हो गए। राहुल गांधी अब 56 साल के हो गए हैं लेकिन अभी युवा हैं। कांग्रेस से कहना चाहता हूं कि यह युवा कभी लॉन्च नहीं होने वाला क्योंकि यह युवा अपनी युवावस्था को पहले ही लांघ चुका है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है। बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनाव में पूरे देश में 28 में से कांग्रेस केवल 1 सीट पर जीत पायी है। उत्तर प्रदेश में 37 सालों से, तमिलनाडु में 59 सालों से सत्ता से बाहर है। बिहार में 36 साल से सत्ता से बाहर हे। गुजरात में 31 सालों से सत्ता से बाहर है।
प्रदेश अध्यक्ष बोले- विपक्ष के लोग हारते हैं तो ईवीएम पर आरोप लगाते हैं
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह देश के लोकतंत्र को बचाने, अराजकता को उखाड़ फेंकने और देश के खिलाफ हो रही साजिशों को बेनकाब करने के लिए है। विपक्ष के लोग हारते हैं तो ईवीएम पर आरोप लगाते हैं संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं। जिस तरह से दिल्ली में कुछ नौजवानों को भ्रमित करके उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन किया। कुछ लोगों ने वहां कहा कि हम रिजीम चेंज करने आए हैं। एक नेत्री ने कहा कि हम बांग्लादेश से प्रभावित होकर आए हैं।
सांसद रविकिशन ने कहा- ये जो यात्रा आज हो रही है, यह उन देशद्रोहियों के लिए है, देश विरोधी ताकतों के लिए है, टुकड़े-टुकड़े गैंग के लिए है जो चाहते हैं कि भारत में दोबारा दंगा हो, मंदिरों में बम फटे। राहुल गांधी को विश्वास नहीं हो रहा है कि मोदी प्रधानमंत्री हैं। जहां कांग्रेस जीतती है, वहां वोट चोरी नहीं होती। जहां उन्होंने चुनाव जीता, वहां वोट चोरी नहीं हुई।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद ने कहा- कुछ ऐसी ताकतें हैं जो भारत को अस्थिर करना चाहती हैं। अराजकता फैलाकर जनता को गुमराह कर रही हैं। ऐसे लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है। कहा- पहले गोरखपुर में अव्यवस्था थी। आज उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश के रूप में पनप रहा है।

