मेमोरी चिप की किल्लत की वजह से स्मार्टफोन के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में हर साल-दो साल में नए स्मार्टफोन पर शिफ्ट होना संभव नहीं रहा है। यही वजह है कि लोग अब अपना फोन लंबे समय तक चलाना चाहते हैं। हालांकि इसके लिए आपको फोन को अच्छे कवर और टेम्पर्ड के साथ इस्तेमाल करने के अलावा चार्जिंग की आदतों, हीट मैनेज और स्टोरेज और सॉफ्टवेयर के सही रख-रखाव जैसी 5 जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। आप अगर ऐसा करते हैं, तो आपका फोन सालों-साल न सिर्फ नए जैसा दिखेगा बल्कि स्मूद भी चलेगा।
यूं रखें फोन को चमचमाता
फोन दिखने में नए जैसा लगे इसके लिए जरूरी है कि आप शुरुआत में ही एक अच्छे कवर और टेम्पर्ड ग्लास में इनवेस्ट करें। इससे आपका फोन न सिर्फ गिरने पर बचा रहेगा बल्कि तब तक बिल्कुल नया भी लगेगा जब तक आप उसे इस्तेमाल करते रहेंगे।
टेम्पर्ड ग्लास चटक जाए, तो उसे ज्यादा दिन इस्तेमाल न करें। चटके हुए टेम्पर्ड ग्लास आपके फोन की स्क्रीन पर स्क्रैच डाल सकते हैं।
संभव है तो फोन की बॉडी पर फ्रोटेक्शन फिल्म लगवाएं। ऐसे में समय के साथ फोन की बॉडी नहीं बल्कि ऊपर लगी प्रोटेक्टिव फिल्म गंदी होगी। फिल्म को बदलते ही आपका फोन नए जैसा चमचमाता दिखेगा।
कैमरा फ्रोटेक्शन के लिए कैमरा लेंस ग्लास का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे कैमरा के ग्लास पर स्क्रैच नहीं आते। हालांकि साल-डेढ़ साल में कैमरा लेंस प्रोटेक्शन बदलवाते रहें, ताकि आपकी पिक्चर क्वालिटी बरकरार रहे।
महीने में एक बार फोन को कवर से निकाल कर साफ और सूखे कपड़े से पोंछ लें। इससे फोन की बॉडी पर मिट्टी चिपकी नहीं रहेगी और आपका फोन जगह-जगह से स्क्रैच नहीं खाएगा।
बैटरी का ध्यान रखने के लिए आदत बदलें
फोन की फिजिकल बॉडी के बाद समय के साथ जो चीज जरूर खराब होती है, वे है बैटरी। इसे आप कुछ बातों का ध्यान रखकर और कुछ आदतें बदलकर लंबे समय तक बेहतर बनाए रख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले फोन को 20% से कम डिस्चार्ज न होने दें और चार्जिंग को 80-90% पर रोक दें। इसके लिए आप फोन की सेटिंग्स में भी सेट कर सकते हैं कि फोन ज्यादा से ज्यादा कितना चार्ज हो।
जरूरी न हो, तो फोन को रातभर चार्जिंग पर लगाकर मत छोड़ें और फोन का ओरिजनल चार्जर और केबल ही इस्तेमाल करें।
चार्जिंग के वक्त फोन गर्म हो, तो चार्जिंग को कुछ देर के लिए रोक दें और फोन के ठंडा होने पर वापस शुरू करें।
फोन को महीने में दो बार रिस्टार्ट जरूर करें। इससे छोटे-मोटे बग्स दूर हो जाते हैं और बैटरी कैलिब्रेट रहती है।
फोन और सभी ऐप्स को अप-टू-डेट रखें। अगर कोई ऐप जरूरत से ज्यादा बैटरी खाए, तो उसका नया अपडेट आने तक के लिए फोन से डिलीट कर दें।

