जयपुर के करधनी थाना इलाके में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया (25) की हत्या करने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल कैम्पर गाड़ी भी जब्त कर ली है। आरोपियों को थाने के पास से ही पकड़ा गया है।
आरोपी वारदात के बाद करधनी में एक मंदिर में पहुंचे थे। भगवान के आगे हाथ जोड़े और फिर थाने पहुंचकर सरेंडर किया। हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
मुख्य आरोपी अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21) ने जयपुर के प्राइवेट कॉलेज से बीटेक किया था। पांच महीने पहले तक जयपुर में एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर रहा था। उसने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए पूरा मर्डर प्लान किया था।
करधनी के जगदम्बा नगर में बुधवार रात आरोपियों ने विजय की फॉर्च्यूनर को कैम्पर से टक्कर मारकर रोका था। जब वह भागने लगा तो लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। विजय जोबनेर के तिबारियां गांव का रहने वाला था।
हत्या के बाद करधनी में ही छुपे थे चारों
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया- मामले में अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) निवासी जोबनेर को पकड़ा है।
गुरुवार सुबह 4 बजे आरोपियों के करधनी में ही छुपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने चारों को ट्रेस कर पीछा किया और गिरफ्तार कर लिया।
घटना का वीडियो बनाने वाले की तारीफ
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने घटना का वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि छत से इस घटनाक्रम का न केवल वीडियो बनाया बल्कि बिना किसी जान-पहचान के भी उनको वहां से हटाने का प्रयास किया।
हत्या वाले दिन ही खरीदी थी कुल्हाड़ी
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 7 साल पहले 2019 में विजय बाजिया और उसके साथियों ने जोबनेर इलाके में अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच लगातार रंजिश चल रही थी। पिता की हत्या का बदला लेने के इरादे से आरोपियों ने '7007 गैंग' बनाई और विजय बाजिया की हत्या की साजिश रची।
वारदात के दिन भी विजय और अनीश के बीच बहस हुई थी। इसके बाद अनीश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय को सबक सिखाने की प्लानिंग की थी। चारों आरोपियों ने पहले कुल्हाड़ी खरीदी थी।
इसके बाद विजय का पीछा करते हुए उसकी गाड़ी को टक्कर मारी थी। इस दौरान विजय की गाड़ी खराब हो गई थी। वह बचने के लिए गाड़ी से निकलकर भाग रहा था। तब आरोपियों ने कुल्हाड़ी से वार करके विजय की हत्या कर दी।
तीन आरोपियों ने हाथ पर गुदवा रखे हैं टैटू
हत्या में 7007 गैंग की बात सामने आ रही है। हत्या के आरोप में पकड़े गए चार में से तीन युवकों ने अनीश, कमलेश और दिनेश ने अपने हाथ पर टैटू गुदवा रखे हैं।
हिस्ट्रीशीटर पर 15 मामले थे दर्ज
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, विजय जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। विजय के खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले भी शामिल हैं। वह करीब 10 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, उसके कई गैंग से संपर्क थे।
विजय पिछले काफी समय से कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश को लेकर उस पर पहले भी कई बार हमले हो चुके थे।
सरपंच का चुनाव लड़ने की थी तैयारी
विजय बाजिया हाल ही में खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने इलाके में पोस्टर भी लगवाए थे। हालांकि, आपराधिक छवि और मुकदमों के चलते गांव के लोगों ने उसे चुनाव मैदान में उतरने नहीं दिया।

