ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को छठ और भाईदूज के बाद यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दिवाली और भाईदूज मनाकर काम पर लौटने वाले यात्रियों के साथ बिहार में छठ पर्व मनाने जाने वाले लोग भी बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंचे। सुबह से ही स्टेशन के प्लेटफार्म, बुकिंग काउंटर और पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की भीड़ लगी हुई है।
अनुमान है कि दिनभर में 30 हजार से ज्यादा यात्री ग्वालियर स्टेशन से सफर करेंगे। ताज और बरौनी एक्सप्रेस में यात्रियों का दबाव इतना ज्यादा है कि कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं है।
ताज एक्सप्रेस में 1500 यात्रियों के जाने का अनुमान
शाम के समय झांसी से दिल्ली जाने वाली ताज एक्सप्रेस में यात्रियों का दबाव बढ़ने की संभावना है। इस ट्रेन में करीब 1,500 यात्रियों के सवार होने का अनुमान है।
तत्काल टिकट के भरोसे बैठे यात्रियों को भी परेशानी हो रही है। टिकट काउंटर खुलते ही कुछ ही मिनटों में सभी सीटें फुल हो रही हैं। काउंटर पर लगी लंबी कतारों में ज्यादातर बिहार जाने वाले यात्री शामिल हैं। ये यात्री कई घंटे से स्टेशन पर बैठकर टिकट मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
बरौनी एक्सप्रेस में 2000 यात्रियों के सफर का अनुमान
बिहार की ओर जाने वाली बरौनी एक्सप्रेस में भी यात्रियों की जबरदस्त भीड़ है। इस ट्रेन में करीब 2,000 यात्रियों के सवार होने का अनुमान है। कई यात्री मजबूरी में दरवाजों के पास लटककर सफर कर रहे हैं।
इसके अलावा आगरा-झांसी, भोपाल-दिल्ली और भिंड रूट की ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव बना हुआ है।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए RPF-GRP की तैनाती
स्टेशन पर हालात संभालने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को मशक्कत करनी पड़ रही है। यात्रियों की भीड़ और अफरा-तफरी रोकने के लिए प्लेटफार्म पर रस्सियां बांधी गई हैं। इनके जरिए यात्रियों को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि वे सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़कर सफर कर सकें।
छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाईं
छठ पर्व पर यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए रेलवे ने ग्वालियर-बरौनी-ग्वालियर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। ट्रेन नंबर 04111 गुरुवार दोपहर 2:15 बजे ग्वालियर से रवाना होगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04112 बरौनी से 13 नवंबर को चलेगी।
इसी तरह ट्रेन नंबर 04101 आगामी 13 नवंबर को ग्वालियर से बरौनी के लिए रवाना होगी। इन सभी स्पेशल ट्रेनों में सामान्य और शयनयान श्रेणी के कुल 20 कोच उपलब्ध कराए गए हैं। इससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

