Airtel, Vi, BSNL और Jio सस्ते कॉलिंग प्लान पेश कर चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि किस टेलीकॉम कंपनी ने सबसे सस्ते वॉइस-ओनली प्लान पेश किए हैं? गौरतलब है कि TRAI के नियमों के अनुसार सबसे पहले Airtel ने फिर Vi सस्ते कॉलिंग प्लान लॉन्च किए थे। इसके बाद Jio ने और आखिर में BSNL की ओर से प्लान पेश किए गए थे। ये कंपनियां 28 से 30 दिन वाले प्लान और 1 महीने से साल भर की वैलिडिटी वाले सस्ते प्लान भी पेश कर चुकी हैं।
हमने सभी प्लान की तुलना करते हुए पाया कि शुरुआती कॉलिंग प्लान Jio सबसे सस्ते में उपलब्ध करा रहा है और 28 या 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान में BSNL सबसे सस्ता है। इसी तरह मंथली प्लान भी BSNL का सबसे सस्ता है और 80 से 84 दिन वाले प्लान की कैटेगरी में BSNL ही सबसे सस्ता है। हालांकि सालाना कॉलिंग प्लान Airtel और Vi का सबसे सस्ता है।
शुरुआती प्लान में Jio सबसे सस्ता
अगर बात की जाए सबसे सस्ते प्लान की तो सभी टेलीकॉम कंपनियों में सबसे सस्ते कॉलिंग प्लान Jio की ओर से पेश किए जा रहे हैं। दरअसल Jio ने 22 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान उतारा है, जिसमें 300 SMS मिलते हैं।
वहीं Vi का सबसे सस्ता कॉलिंग प्लान 179 रुपये का है. जिसमें 25 दिन की वैलिडिटी मिलती है।
इसके अलावा Airtel की शुरुआत 185 रुपये से होती है, जिसमें 28 दिन की वैलिडिटी मिलती है। ऐसे में शुरुआती कॉलिंग प्लान के मामले में Jio सभी कंपनियों से सस्ता है।
28 और 30 दिन की वैलिडिटी में कौन बेहतर?
लोग अक्सर 28 या 30 दिन की वैलिडिवाला प्लान पसंद करते हैं। गौरतलब है कि 28 दिन की अनलिमिटेड कॉलिंग के लिए Jio 177 का प्लान ऑफर करता है और BSNL 172 रुपये में 28 दिन की वैधता वाला प्लान पेश करता है।
वहीं Vi और Airtel 28 दिनों की वैलिडिटी वाले कॉलिंग प्लान के लिए 185 रुपये चार्ज करते हैं। ऐसे में सभी टेलीकॉम कंपनियों में 28 दिन का कॉलिंग प्लान सबसे कम दाम में BSNL ऑफर करता है।
अब अगर बात 30 दिन वाले प्लान की हो तो BSNL 30 दिन का कॉलिंग प्लान 184 रुपये में ऑफर करती है और Jio का 30 दिन वाला कॉलिंग प्लान 196 रुपये का है। इसी तरह Airtel और Vi का 30 दिन वाला कॉलिंग प्लान 203 रुपये का है। ऐसे में 30 दिन के प्लान के लिए सबसे कम दाम BSNL वसूलता है।
मंथली प्लान किस कंपनी का सस्ता?
पूरे एक महीने यानी कि एक तय तारीख से अगले महीने की उसी तारीख तक चलने वाले कैलेंडर मंथ के मामले में BSNL 190 रुपये, Jio 197 रुपये और Vi-Airtel 206 रुपये वसूलते हैं।
ऐसे में कैलेडर मंथ वाला सबसे सस्ता कॉलिंग प्लान BSNL की ओर से दिया जा रहा है और प्राइवेट कंपनियों में यह काम Jio कर रहा है।
सालाना और 84 दिन वाले प्लान में कौन बेहतर?
जहां बात 80-84 दिन वाले प्लान की आती है, तो इस कैटेगरी में सबसे सस्ता कॉलिंग प्लान BSNL देता है, जो कि 80 दिनों के लिए 439 चार्ज करता है।
वहीं प्राइवेट कंपनियों में Jio 448 रुपये में 84 दिन की वैलिडिटी पर कॉलिंग प्लान देता है, तो Airtel और Vi 84 दिनों के लिए क्रमश: 469 रुपये और 470 रुपये वसूलते हैं।
इसी तरह सालाना प्लान के मामले में Jio का 336 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान 1,748 रुपये का है। वहीं Airtel और Vi 365 दिन का कॉलिंग प्लान 1,849 रुपये में देते हैं।

