क्या आप भी घर पर Alexa या Google Home जैसे किसी स्मार्ट स्पीकर की मदद से टीवी, पंखा या लाइट आदि को कंट्रोल करते हैं? अक्सर ये डिवाइस बिना इंटरनेट के काम नहीं करते लेकिन इंटरनेट पर The Noob Engineer नाम के एक 16 साल के लड़के ने ऐसा सिस्टम तैयार किया है, जो बिना इंटरनेट ये सब काम कर सकता है। इस लड़के ने अपने होम ऑटोमेशन डिवाइस को Jarvis नाम दिया है। इसकी मदद से बिना इंटरनेट एक्सेस दिए सिर्फ वॉयस कमांड से घर की लाइटें-पंखें और अन्य डिवाइस कंट्रोल किए जा सकते हैं।
क्या कर सकता है Jarvis?
16 साल के स्टूडेंट ने कॉम्पैक्ट हार्डवेयर तैयार किया है, जो कमरे के स्विचबोर्ड के जरिए अप्लायंसेज से जुड़ जाता है। Jarvis शब्द बोलते ही यह सिस्टम कमांड लेने के लिए तैयार हो जाता है। यह काफी हद तक वैसा ही है जैसे Alexa या Google Home स्मार्ट स्पीकर को एक्टिवेट करने के लिए खास वेक वर्ड बोलना पड़ता है। हालांकि इस स्टूडेंट का प्रोजेक्ट बिना इंटरनेट के काम कर सकता है।
इस स्टूडेंट ने एक वीडियो में दिखाया है कि कैसे All lights off या Fan on-Fan off जैसे कमांड को उसका बनाया सिस्टम तुरंत फॉलो कर सकता है।
डेटा प्राइवेसी के लिए बेहतरीन तकनीक
आमतौर पर स्मार्ट स्पीकर्स इंटरनेट से कनेक्ट होकर काम करते हैं और बाहरी क्लाउड सर्वर्स पर निर्भर रहते हैं। वहीं 16 साल के लड़के ने अपने प्रोजेक्ट को इस तरह से बनाया है कि यह बिना किसी सर्वर या इंटरनटे पर निर्भर हुए भी काम कर सकता है।
इसके लिए ऑन-डिवाइस वॉयस रिकग्निशन और लोकल प्रोसेसिंग का इस्तेमाल किया गया है। इतनी ही नहीं, इंटरनेट से जुड़ा न होने की वजह से यह यूजर की प्राइवेसी का भी पूरा ध्यान रखता है। इस डिवाइस को दी गई कमांड किसी विदेशी सर्वर पर पहुंचकर किसी कंपनी को यूजर के व्यवहार या आदतों के बारे में डेटासेट तैयार करने में मदद नहीं करती। इससे यूजर्स की पर्सनल प्राइवेसी पूरी तरह सुरक्षित रहती है।
कैसे काम करता है सिस्टम?
यह सिस्टम माइक्रो-कंट्रोलर, ऑफलाइन स्पीच रिकग्निशन चिप और रिले मॉड्यूल्स के आधार पर काम करता है। इस सिस्टम को माइक्रोफोन के जरिए कमांड रिसीव होती है और सिस्टम में पहले से लोड उस कमांड के मतलब को मैच करके कुछ मिलीसेकंड्स में टास्क को पूरा कर दिया जाता है।
बीच में इंटरनेट न होने की वजह से यह सिस्टम Alexa या Google Home स्मार्ट स्पीकर्स के मुकाबले काफी तेज महसूस होता है। 16 साल के इस स्टूडेंट ने दूसरों को इस तरह के प्रोजेक्ट तैयार करने में मदद करने के लिए इसका सोर्स कोड और सर्किट डिटेल GitHub पर उपलब्ध कराया है।

