क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि बाहर खुले में आपके फोन पर 5G बढ़िया काम करता है लेकिन इमारतों जैसे कि मॉल या मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में सिग्नल गायब हो जाते हैं या कनेक्शन 4G पर चला जाता है और इंटरनेट स्पीड बहुत कम हो जाती है। इस समस्या को दूर करने के लिए Jio की ओर से एक नया इनडोर डिवाइस तैयार किया गया है। इसे Pico Small Cell नाम दिया गया है, जो कि एक कॉम्पैक्ट 5G बेस स्टेशन की तरह काम करता है।
इसे बिल्डिंग की छत पर या दीवार पर फिट किया जा सकता है और यह कंक्रीट की मोटी दीवारों और शीशे के पार भी 5G सिग्नल को पहुंचाने में मदद करता है। इसकी मदद से इमारतों के अंदर भी 5G अच्छे से काम कर सकता है।
भारी वायरिंग बिना हाई स्पीड 5G
अभी तक इमारतों में मोबाइल सिग्नल पहुंचाने के लिए पारंपरिक डिस्ट्रिब्यूटेड एंटीना सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता था। इसमें इमारत के बेसमेंट से लेकर हर फ्लोर तक कॉपर की भारी वायरिंग करनी पड़ती थी। वहीं Jio के Pico Small Cell ने इस झंझट को खत्म कर दिया है।
यह छोटा सा सिस्टम सिग्नल प्रोसेसिंग हार्डवेयर और रेडियो ट्रांसमिशन दोनों को अपने अंदर समेट लेता है। बिल्डिंग में जहां भी इंटरनेट की खपत ज्यादा है, वहां इस यूनिट को लगाकर बिना भारी वायरिंग के 5G कवरेज को बढ़ाया जा सकता है।
1 Gbps तक की पीक डाउनलोड स्पीड संभव
इस तकनीक की खूबियों की बात करें, तो यह डिवाइस 3.3 GHz से लेकर 3.6 GHz के बीच वाले n78 स्पेक्ट्रम बैंड पर काम करता है और SA 5G को सपोर्ट करता है।
इस डिवाइस की मदद से बिल्डिंग के अंदर भी 1 Gbps तक की पीक डाउनलोड स्पीड और 75 Mbps तक की पीक अपलोड स्पीड मिल सकती है। हालांकि, मिलने वाली स्पीड इस बात पर भी निर्भर करेगी कि उस समय फ्लोर पर कितने लोग मौजूद हैं।
सॉफ्टवेयर अपडेट से अपग्रेड हो सकेगी तकनीक
Jio ने अपने इस डिवाइस को SDR यानी कि सॉफ्टवेयर-डिफाइंड रेडियो आर्किटेक्चर पर डिजाइन किया है।
इससे भविष्य में नेटवर्क को अपग्रेड करने के लिए पूरे हार्डवेयर को अपग्रेड करने की जरूरत नहीं रहती। सीधे सॉफ्टवेयर अपग्रेड के जरिए भी इसमें नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं।
इस हार्डवेयर से लेटेंसी 15 से 20 मिलीसेकंड तक रह जाती है, जो कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और रियल-टाइम क्लाउड ऑपरेशंस को बिना किसी लैग या बफरिंग के अंजाम देने में मदद कर सकती है।
सेटअप आसान और बिजली की बचत
रिपोर्ट्स के अनुसार, आमतौर पर बड़ी इमारतों में नेटवर्क सेटअप करना एक लंबा और समय लेने वाला काम होता है लेकिन Jio ने इसे पूरी तरह ऑटोमेटेड रखा है। इसका मतलब है कि इस हार्डवेयर को एक साथ कई फ्लोर्स पर एक्टिवेट या कॉन्फिगर किया जा सकता है।
इसके अलावा, जिस समय इंटरनेट की खपत कम होगी, यह अपनी बिजली की खपत को भी खुद-ब-खुद 20% तक कम कर सकता है।

