बहराइच मेले में जलपरी शो का पानी से भरा टैंक अचानक फट गया। हादसा जिस वक्त हुआ, उस वक्त 40 लोग शो देख रहे थे। टैंक फटने से 20 हजार लीटर पानी झटके से बाहर आया।
पानी के प्रेशर से कांच की दीवार टूट गई। शो में अचानक भगदड़ जैसे हालात हो गए। बच्चे पानी के बहाव में कई मीटर तक बह गए। कांच के टुकड़े चेहरे और सिर में धंस गए। 4 बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए।
पुलिस और आसपास के लोग सभी घायलों को नजदीकी सीएचसी ले गए। वहां से 2 बच्चों को रेफर कर दिया गया। उनके सिर-चेहरे में कांच के कई टुकड़े धंसे हैं। हादसे में एक जलपरी भी घायल हुई है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा- मेला कमेटी अध्यक्ष और जलपरी शो संचालक समेत 4 को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पानी का प्रेशर अधिक होने के कारण टैंक फटा है।
जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर फखरपुर के खालिदपुर गांव में उर्स मेले में सोमवार रात 9 बजे हादसा हुआ। इसमें अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) ज्यादा घायल हैं। सभी गांव के रहने वाले हैं।
जलपरी शो के बारे में जान लीजिए-
खालिदपुर गांव में हर साल नवंबर में दादा मियां के उर्स में 3 दिवसीय मेला लगता है। इस साल उर्स मेले में पहली बार जलपरी शो लगाया गया।
जलपरी शो में एक लड़की मछली जैसी ड्रेस में पानी के टैंकर में करतब दिखाती है। टैंकर करीब 20 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा होता है। इसमें 20 हजार लीटर पानी भरा था। बाहर की ओर कांच की एक दीवार होती है।
हादसे के पहले के 2 फुटेज
हादसा कैसे हुआ, प्रत्यक्षदर्शी की आंखों-देखी जानिए
फखरपुर के खालिदपुर गांव निवासी सलीम खान ने बताया कि दादामियां के उर्स में सोमवार से मेला शुरू हुआ था। मैं अपने परिवार के साथ मेला देखने गया था। इसमें जलपरी शो भी लगाया गया था।
50 रुपए का टिकट लेकर परिवार के साथ शो देखने गया। चलते शो में जब जलपरी करतब दिखा रही थी, तभी अचानक टैंक तेज आवाज के साथ फट गया। हादसे के वक्त मौके पर करीब 20-25 लोग मौजूद थे।
शो की परमिशन नहीं ली गई थी
थाना प्रभारी फखरपुर राजकुमार राजभर ने बताया कि जलपरी शो की परमिशन नहीं ली गई थी। उर्स कमेटी के अध्यक्ष वाजिद खान और जलपरी शो के संचालक शादाब समेत 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। घायलों का सीएचसी फखरपुर में इलाज कराया जा रहा है।

