रायपुर, 03 नवंबर 2026 / छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर उत्तर बस्तर कांकेर जिले में राज्योत्सव 2026 का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। पीएमश्री शासकीय नरहरदेव स्कूल मैदान में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली, जहां स्कूली बच्चों और कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनियों का अतिथियों ने अवलोकन किया।
बस्तर अब नक्सल मुक्त होकर विकास की मुख्यधारा में शामिल- मंत्री केदार कश्यप
मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने सभी को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। बस्तर संभाग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कभी चुनौतियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझने वाला बस्तर आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार के साथ ही शासन, सुरक्षा बलों और नागरिकों के प्रयासों से क्षेत्र में शांति का वातावरण मजबूत हुआ है।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज हम बस्तर को नक्सल मुक्त होते देख रहे हैं। उन्होंने कांकेर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और बेहतर परिवहन व्यवस्था के लिए चल रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। कांकेर जिले में पिछले वर्षों के दौरान सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं।
शासन की योजनाओं से हर वर्ग तक पहुंच रहा विकास का लाभ- विधायक श्री आशाराम नेताम
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद कांकेर सहित पूरे प्रदेश में प्रशासनिक और बुनियादी सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन कल्याणकारी पहलों से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयेाग से श्विकसित छत्तीसगढ़श् का संकल्प जल्द पूरा होगा।
राज्योत्सव के इस भव्य अवसर पर कलेक्टर उत्तर बस्तर कांकेर, पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, डीएफओ, जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

