सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को काशी से यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। दैनिक भास्कर के सवाल पर उन्होंने कहा- हम मुख्यमंत्री तब बनते हैं, जब चुनाव नहीं लड़ते। इसलिए वही काम करेंगे, जो हमारे लिए शुभ होगा। उन्होंने पूछा- पिछली बार कहां से मुख्यमंत्री बना था बताओ? लोकसभा से… तो वहीं से आकर शपथ लूंगा।
अखिलेश 15 मार्च 2012 को पहली बार यूपी के मुख्यमंत्री बने थे। उस वक्त वे कन्नौज से सांसद थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर विधान परिषद की सदस्यता ली थी।
भास्कर पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दे सकते हैं…
अखिलेश का दावा- भाजपा अब 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही
अखिलेश ने कहा, भाजपा पहले अपने 100 विधायकों का टिकट काटने वाली थी, लेकिन MLC चुनाव में हारने के बाद अब 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है। सबसे पहले काशी के मंत्रियों के टिकट कटेंगे।
अखिलेश काशी की शिक्षक और स्नातक, दोनों एमएलसी सीटों पर सपा की जीत के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा। कहा, “काशी को क्योटो तो नहीं बना पाए, लेकिन कम से कम क्योटो की तस्वीर ही लगा देते। क्योटो की तस्वीर क्यों नहीं लगाई?”
अखिलेश ने कहा, “बाबा विश्वनाथ जी ने आशुतोष सिन्हा को जिताया, लाल बिहारी को जिताया। बाबा विश्वनाथ ने दोहरा आशीर्वाद दिया।” उन्होंने यह भी दोहराया कि समाजवादी पार्टी 80 की 80 सीटें भी EVM से जीत जाए, तब भी EVM के खिलाफ हैं।
अब अखिलेश की बड़ी बातें पढ़िए…
1- मुख्यमंत्री के स्वजातीय अत्याचार कर रहे: पीडीए समाज पर मुख्यमंत्री स्वजातीय लोगों के अत्याचार की एक घटना नहीं है। बुलडोजर की कार्रवाई नहीं हो रही है। दालमंडी के लोगों ने भाजपा को दंड दिया है। आरक्षण घोटाला, पेपर लीक, मणिकर्णिका घाट, दालमंडी... ये कोई भूल सकता है क्या?
2- मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने की कोशिश की: भाजपा ने मणिकर्णिका घाट से लेकर के पाल समाज पर जो लाठी चलाई वो सबको याद है। यहां की संस्कृति और विरासत को मिटाने की कोशिश की है, एमएलसी चुनाव में उसका जवाब मिला है।
3- असली अराजक भाजपा है: भाजपा के लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा पर कहा- असली अराजकता कहां है? मेडिकल में है। आप सोचिए बांदा में एक नवजात बच्चे को कुत्ता नोच ले गया। ये कौन सुन सकता है? और बरेली में अभी देश के मंत्री आए हैं। बरेली से आगे चले जाएं, शाहजहांपुर क्यों नहीं जाते हैं?
4- केंद्र सरकार को लखनऊ वाले धोखा दे रहे: केंद्र की सरकार को लखनऊ वाले धोखा दे रहे हैं। भाजपा जब जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। समाजवादी सरकार में मेट्रो बनाने का काम करेंगे।
5- बागेश्वर बाबा पर कहा- नकली सनातनियों के बयानों से लोग दुखी
अखिलेश ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, इन नकली सनातनियों को रोका जाए। भगवान श्रीकृष्ण के बारे में ये क्या कह रहे हैं? इससे देश ही नहीं, पूरी दुनिया के लोग दुखी हैं। अब तो प्रभु श्रीराम के बारे में भी क्या-क्या कह रहे हैं।”
अखिलेश ने 3 काम किए…
दिवंगत कार्यकर्ता के परिवार से मिले
अखिलेश एयरपोर्ट से सीरगोवर्धनपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव उर्फ नत्थू के आकस्मिक निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
बीमार पूर्व जिलाध्यक्ष का हाल जाना
अखिलेश यादव युवजन सभा के प्रदेश सचिव अजय फौजी के घर पहुंचे। यहां उन्होंने लंबे समय से बीमार चल रहे उनके पिता और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश फौजी का हालचाल लिया।
सुंदरपुर में पदाधिकारियों के साथ बैठक
पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरपुर स्थित लता कुंज में पूर्व IRS अधिकारी राजेश सिंह के आवास भी पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में MLC चुनाव के नतीजों, संगठन की स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में PDA की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी बातचीत हुई।
काशी विश्वनाथ के दर्शन की हिम्मत नहीं जुटा सके सपा प्रमुख- भाजपा
अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे पर भाजपा ने हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले अखिलेश आज सनातन की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अखिलेश काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने क्यों नहीं गए। साथ ही उन्हें कृष्ण जन्मभूमि पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश को सबसे पहले बनारस के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। आरोप लगाया कि सपा सरकार ने वाराणसी सीरियल ब्लास्ट के आरोपियों के मुकदमे वापस लेने की पैरवी की थी। उन्होंने अखिलेश पर सनातन विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि योगी सरकार में काशी, मथुरा, अयोध्या और विंध्याचल जैसे धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है और यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।

