अलग-अलग पार्टियां, मकसद एक- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग। विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं ने दो दिन से दिल्ली में डेरा डाल रखा है।
शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के घर विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग पास किया, तो रविवार को सोनिया समेत राहुल, प्रियंका, अखिलेश, ममता और तेजस्वी बाकी नेताओं के साथ रामलीला मैदान पहुंचे।
करीब चार घंटे चले इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा- मेरी बात सच होगी, ज्ञानेश कुमार CEC के पद से हटेंगे और जेल जाएंगे।
इससे पहले दोपहर करीब 12 बजे विपक्षी नेताओं ने मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। नेता खुली गाड़ी में सवार थे और उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चल रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे तक मैदान में भीड़ बढ़ गई थी। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, रैली में हजारों की संख्या में लोग जुटे।
रैली में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और सुप्रिया सुले समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता मौजूद रहे। 8 नेताओं ने स्पीच दी।
SIR और ज्ञानेश कुमार के विरोध में पिछले 25 दिनों में विपक्ष सातवीं बार एकजुट हुआ था। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच 6 बार प्रदर्शन हो चुके हैं।
राहुल गांधी ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाता। वो डर रहा है, उसने सबसे बड़ा क्राइम किया है। देश की आवाज को बंद करने की कोशिश की, उसका गला घोंटा है।'
उन्होंने कहा, 'न तो मोदी, न ही शाह, वो भी सो नहीं पा रहे। हम दुश्मनी वाले लोग नहीं है। हमें नफरत नहीं, मोहब्बत फैलानी है। ये प्रोटेस्ट किसी एक पार्टी, एक नेता का नहीं है। ये देश का प्रोटेस्ट है। देश की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है।'
हुल ने कहा- देश में जो बेचा है, उसका बदला लेंगे
राहुल गांधी ने कहा, 'मैं आपको बताता हूं कि मोदी कहीं नहीं जा सकते, जाना भी चाहें तो हम कहीं नहीं जानें देंगे। ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे। आपने जो वोट चोरी की है उसके खिलाफ लीगल कार्यवाई होगी। देश को न्याय मिलेगा।
राहुल ने ये भी कहा कि आपने अडाणी को जो देश बेचा है, उसका बदला लेंगे। आपको भागने नहीं देंगे, आप यहीं के यहीं रहोगे। कार्रवाई होकर रहेगी।
उन्होंने कहा, 'हममें और उनमें अंतर है, ये देश नफरत का नहीं है। हम मोदी-शाह ज्ञानेश से नफरत नहीं करते। हम मोहब्बत की दुकान खोलने वाले लोग हैं। मोदी-ज्ञानेश ने देश की आत्मा, संविधान, लोकतंत्र पर हमला किया है। हम ये स्वीकार नहीं करेंगे।'
राहुल ने कहा- ज्ञानेश कुमार के बिना मोदी नहीं पीएम बनते
राहुल ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार CEC पद से हटेगा, ज्ञानेश कुमार जेल जाएगा। ये आम चोरी नहीं है। किसी ने दुकान से छोटी चोरी कर ली, उसके लिए जेल होती है, ये नॉर्मल चोरी नहीं है, ये हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज की चोरी है।
उन्होंने कहा, 'इसको रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस कहते हैं। इसको देशद्रोह कहते हें। ज्ञानेश कुमार के बिना मोदी न पीएम बनते, न शाह गृह मंत्री बनते। आरएसएस ने देश की सारी संस्थाओ को कैप्चर कर लिया है।'
राहुल ने कहा- 2024 का चुनाव अवैध था
राहुल गांधी ने कहा, '2024 के चुनाव के बाद 13.5 करोड़ वोटर्स वोटर लिस्ट से हटाए गए। सात में से एक वोटर को निकाला गया यानी 15% वोटर्स को लिस्ट से बाहर किया। 2024 में वोट परसेंट सिर्फ 3% था।
इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव अवैध था। ये बात मैं नहीं कह रहा हूं, ये चुनाव आयोग का डेटा है वही कह रहा है। जो मैं कहता हूं कि वो सच होता है। मैंने कोविड के बारे में जो बोला, सच सामने आया।'
राहुल गांधी ने कहा- आप संविधान से बड़े नहीं हो
राहुल गांधी ने कहा, 'आपने देश को एक मैसेज भेजना था, मोदी शाह को आपने मैसेज भेजा है। यह किसी पार्टी की आवाज नहीं, ये सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं। ये आवाज कह रही ह कि हम लोकतंत्र को देश से खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे। आपके पास जितना भी पैसा या पॉवर है, आप संविधान से बड़े नहीं हो।
राहुल ने ये भी कहा कि सालों से इस देश में वोट चोरी हो रही है। ममता ने बंगाल का उदाहरण दिया, एमपी हरियाणा छत्तीसग़ढ, महाराष्ट्र कर्नाटक और 2024 की लोकसभा सारे चुनावों में वोट चोरी हुई है।
महबूबा मुफ्ती बोलीं- ये कहीं पूरे देश को जम्मू-कश्मीर न बना दें
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जो इस देश की समस्या है, उसको बदलना चाहते हैं, देश को बदलना चाहते हैं। आप आज नहीं बदलेंगे तो बहुत देर हो जाएगी। 2014 तक जितनी सरकारों ने संपत्ति बनाई थी उसे कारोबारी दोस्तों को दे दी। इन्होंने वादे किए थे कि नौकरियां देंगे जो आर्मी में शान से जाते थे, उन्हें भी अग्निवीर बना दिया।
फारूक अब्दुल्ला बोले- हमें सिर्फ भगवान से डरना है, इनसे नहीं
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हम लोग यहां जमा हैं कि ये बताएं कि मुसलमानों पर ये हर वक्त उंगली उठाते हैं। कहते हैं कि ये पाकिस्तानी है। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि हमने भारत के लिए खून दिया है। आगे भी देते रहेंगे। हमें इसी वतन में रहना है।
जैसे अखिलेश जी ने कहा कि यूपी में एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं को भी वोटर्स लिस्ट से हटा दिया क्या वो भी पाकिस्तानी हैं। ये अंबेडकर का संविधान है, इसमें हम सब बराबर हैं।
फारूक ने ये भी कहा कि हमें संघर्ष करना है, ताकि कोई भी भारतीय वोट से मरहूम न हो। हमें सिर्फ भगवान से डरना है, इनसे डरना नहीं है। हमें मिलकर साथ चलना होगा। जम्मू-कश्मीर पहले भी भारत का हिस्सा था, आगे भी रहेगा।
विपक्ष के दिल्ली चलो मार्च की 3 तस्वीरें
ममता बोलीं- आपने नौकरी लूटीं, मां-बहनों का सम्मान लूटा
ममता बोलीं- हम छोड़ेंगे नहीं, जिदंगी देंगे, हम लड़ेंगे। हमारा बंगाल लूट लिया गया। हम लोकतंत्र बचाएंगे। लोकतंत्र लूटा गया, अधिकार लूटा गया, इलेक्शन काउंटिंग लूटी गई। आप सिर्फ वोट नहीं, पूरी काउंटिंग वैनिश की है। हम हारे नहीं, हमको हराया गया है।
ममता ने ये भी कहा कि आपने नौकरी लूटी, जिंदगी लूटी, मां-बहनों का सम्मान लूटा। ज्ञानेश कुमार जी वैनिश वैनिश... यस पापा, लूट लिया, यस पापा, तुम्हारे पीछे कौन है, बीजेपी पापा, किसानों का रिस्पेक्ट चोरी, बीजेपी पापा...। भाजपा का साथ, सबका सत्यनाश।
सपा अध्यक्ष बोले- जो पापी है उसका नाश होता है
अखिलेश ने कहा, 'जो लोग कभी यूपी से आए थे, वो यूपी से ही जाएंगे। यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं। 2027 में विदाई तय है। ये राम जी की लीला का मैदान है। जो पापी है उसका नाश होता है। राम जी के सामने वो पापी बचने वाले नहीं। जिन्होंने चंदा चोरी की है, जिन्होंने चढ़ावा चोरी की उनका नाश नहीं, सर्वनाश होगा।
अखिलेश बोले- 2022 में यूपी में वोट चोरी की सरकार बनी
अखिलेश यादव ने कहा कि हम आपने देखा है कि भाजपा लगातार साजिश रच रही है। वे जानते हैं लोकतंत्र से जीत नहीं सकते तो चुनाव आयोग को हथियार बनाया। उन्होंने बंगाल चुनाव उन्होंने लूटा है। चुनाव से पहले एसआईआर कराकर वोट कटवा दिए थे।
अखिलेश यादव ने कहा- काशी की जनता ने उन्हें डबल जीरो दिया
अखिलेश ने कहा, 'मैं देख रहा हूं कि रामलीला मैदान में जो आवाज उठ रही है। गठबंधन के सभी साथियों ने एकजुट होकर लोकतंत्र को खत्म करने वालों के खिलाफ हुए हैं। आज जब सभा यहां होने जा रही थी उसी समय यूपी में भाजपा की तरफ से कहा गया कि एक करोड़ वोट हिंदू भाइयों के वोट काट दिए गए।'
खड़गे बोले- मोदी अपना वोट खुद चुन रहे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने ये भी कहा कि मोदी आज लोगों में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं, वे खुद वोट चुन रहे हैं। उनको वोट कौन देगा, वे वोटर्स चुनते हैं। आज की केंद्र सरकार, बिहार सरकार, यूपी सरकार, ये सब चोरी की सरकार हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष बोले- आप ED, CBI लगा लो, हम डरेंगे नहीं
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चलो दिल्ली मार्च ऐतिहासिक है। मोदी जी, शाह ने युवाओं का वोट छीनने की कोशिश की। महिलाओं का वोट छीनने की कोशिश की। उसके खिलाफ आज हम जुटे हुए हैं। मोदी जी जो अपने एक चेले को बैठाकर आज सबके वोट तोड़ने का काम कर रहे हैं, उन ज्ञानेश कुमार के निकालने के लिए हम यहां बैठे हैं।
तेजस्वी यादव बोले- ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वैसे तो रामलीला मैदान में रामलीला आयोजित होती है। हमने वोट चोरों के लिए महाभारत का आयोजन किया है। हमें कुरुक्षेत्र बनाना पड़ रहा है। आप शकुनि को जानते हैं, उसका पांसा कौन था। शकुनि जब पासा फेंकता था तो वह वही कहता था जो वो कहता था।
CPM महासचिव बोले- ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेना है
CPM महासचिव एमए बेबी बोले- यहां दूसरा आजादी का आंदोलन है। फासीवादी, आरएसएस के हाथ से देश को बचाना है। संघर्ष के रास्ते एकजुट होकर हम आगे जाएंगे। वोट चोरी करने वाले ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेना है।
रिया अहीर बोलीं- जिनसे मूल अधिकार छिने, उनके लिए आए
रैली में हिस्सा लेने आईं रिया अहीर ने कहा कि किसी छोटी जगह प्रदर्शन करने पर पुलिस हिरासत में ले लेती है। इतनी बड़ी तादाद को पुलिस हिरासत में ले ही नहीं पाएगी। मैं ये तो नहीं कहूंगी कि अपोजिशन के साथ हूं या किसी के साथ हूं, जो बेसिक राइट्स से वंचित हो गए हैं, हम उनके लिए यहां आए हैं। जो जनसैलाब यहां उमड़ा है, उसे देखकर अच्छा लगता है। जब मैं क्रिमिनल नहीं हूं तो मैं डिफेंड क्यों करूं।
अधीर रंजन चौधरी बोले- अब भाजपा का जाना तय
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में दिल्ली में ऐसी रैली नहीं देखी। मौजूदा हालात में जब बीजेपी सत्ता में है और प्रधानमंत्री मोदी कमान संभाले हुए हैं, तब जनभावनाओं की ऐसी जबरदस्त लहर देखने को मिलना, ऐसा मैंने अब तक न तो कभी सुना है और न ही देखा है। इससे पता चलता है कि बीजेपी के जाने का समय तय हो रहा है। उनका जाना अब पूरी तरह से तय है।
गौरव गोगोई बोले- भाजपा इस आंदोलन से डर गई है
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा- ये ऐतिहासिक है। पूरा देश INDIA ब्लॉक के साथ है। छात्र हों, किसान हों...सभी लोग हमारे साथ हैं। हम देश में लोकतंत्र बचाएंगे। अब ऐसा लगता है कि इस राष्ट्रीय एकता, लोगों के इस आंदोलन से भाजपा डरी हुई है।

