ग्वालियर में नीट (NEET) की तैयारी कर रही 12वीं की 17 वर्षीय छात्रा के साथ उसके इंस्टाग्राम फ्रेंड ने ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। आरोपी उसे कोचिंग छोड़ने के बजाय होटल ले गया। वहां बंधक बनाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा।
सात दिन पहले आरोपी ने आखिरी बार छात्रा को होटल बुलाकर दुष्कर्म किया था। मामला तब सामने आया, जब उसने छात्रा के छात्रा के न्यूड वीडियो उसके रिश्तेदारों को भेजने शुरू कर दिए।
घटना के बाद से छात्रा ने बदनामी के डर से कोचिंग जाना छोड़ दिया है। पीड़िता की शिकायत पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने शुक्रवार रात मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोचिंग जाने के लिए निकली थी, ग्वालियर किले से होटल ले गया
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी 12वीं की छात्रा है और नीट की तैयारी कर रही है। उसने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान आरुष मिश्रा नाम के युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों में दोस्ती हो गई।
11 फरवरी 2026 को छात्रा रोज की तरह कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी। कॉलोनी के बाहर आरुष मिला और घूमने के बहाने उसे ग्वालियर किले ले गया।
वहां से लौटते समय छात्रा ने उसे कोचिंग छोड़ने के लिए कहा, लेकिन आरोपी उसे टंकी तिराहे स्थित दीप होटल ले गया। आरोप है कि वहां जान से मारने की धमकी देकर उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे अश्लील वीडियो बना लिए।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण
घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया या उससे मिलने नहीं आई, तो वह अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा।
इस डर से छात्रा ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। आरोपी वीडियो के नाम पर उसे ब्लैकमेल कर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। एफआईआर दर्ज होने से सात दिन पहले भी उसने छात्रा को होटल बुलाकर दुष्कर्म किया था।
रिश्तेदारों को भेजे वीडियो, तब सामने आया मामला
आरोपी ने तीन-चार दिन पहले छात्रा के मामा और चाचा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अश्लील वीडियो भेज दिए। रिश्तेदारों ने इसकी जानकारी छात्रा के पिता को दी। इसके बाद परिजन ने छात्रा से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए पूरी घटना बताई।
डर के कारण छात्रा ने कोचिंग जाना छोड़ा
घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से परेशान और डरी हुई है। उसने कोचिंग जाना बंद कर दिया है। परिजन उसे समझाने और संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के अनुसार, नाबालिग छात्रा की शिकायत पर आरोपी आरुष मिश्रा के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट (POCSO) और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

