कटनी नगर निगम क्षेत्र के माधवनगर से सटे इमलिया रोड स्थित लकड़ी टाल में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सूखी लकड़ियों के कारण आग तेजी से फैल गई और टाल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल वाहनों को पानी के 30 राउंड लगाने पड़े। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सुबह 6 बजे टाल से उठने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार इमलिया रोड पर श्रीराम आहूजा के नाम से लकड़ी का व्यवसाय संचालित होता है। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे आसपास के रहवासियों ने टाल के अंदर से घना धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। लोगों ने तत्काल टाल संचालक और नगर निगम के फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी। सूखी लकड़ियां होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
8 मिनट में पहुंची पहली दमकल
आग की गंभीरता को देखते हुए माधवनगर जोन, सिविल लाइन कार्यालय सहित अन्य जोन से चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग को आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों तक फैलने से रोका। करीब 5 घंटे चले अभियान के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।
फायर सेफ्टी इंतजामों की भी होगी जांच
फायर विभाग के इंजीनियर मृदुल ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह 6:10 बजे मिली थी। इसके बाद 8 मिनट में पहली दमकल मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। चार दमकल वाहनों को आग बुझाने के लिए कुल 30 राउंड लगाने पड़े। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। नगर निगम की टीम टाल में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की भी जांच करेगी।

