कटनी में दीपावली की रात बरही नगर में मकान और दुकान में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद नगरवासियों और व्यापारियों में आक्रोश है। गुरुवार को प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में व्यापारियों ने स्वस्फूर्त बरही नगर बंद रखा। सुबह से ही मुख्य बाजार, बस स्टैंड बाजार और खितौली चौराहे की दुकानें बंद रहीं। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
6 कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपे इस्तीफे
हादसे के विरोध में बुधवार को बरही नगर परिषद के 6 कांग्रेस पार्षदों ने सामूहिक रूप से कलेक्टर को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। पार्षदों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
दमकल और प्रशासन की लापरवाही का आरोप
व्यापारी संघ और स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यदि समय रहते दमकल और प्रशासनिक अमला सक्रिय होता तो इतनी बड़ी जनहानि को रोका जा सकता था। व्यापारियों ने मांग की है कि मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
मजिस्ट्रेट जांच शुरू, 30 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
कलेक्टर ने अग्निकांड की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर विशेष जांच समिति गठित की है। समिति को 30 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के बाद जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

