कटनी जिले में निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बिना इलाज आयुष्मान कार्ड से राशि निकालने और एक ही मरीज की अलग-अलग लैब रिपोर्ट में CRP स्तर अलग आने की शिकायतें स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची हैं। दोनों मामलों में जांच टीम गठित होने के बावजूद अब तक जांच शुरू नहीं हो सकी है। शिकायतकर्ताओं ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
केस 1 : बिना इलाज आयुष्मान कार्ड से 50,100 निकालने का आरोप
माधव नगर स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के खिलाफ अतुल तिवारी ने CMHO को शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल प्रबंधन ने मरीज का उचित इलाज किए बिना ही उसके आयुष्मान कार्ड से 50,100 रुपए निकाल लिए। शिकायतकर्ता ने अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने और प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
केस 2 : एक मरीज की तीन रिपोर्ट में CRP स्तर अलग-अलग
दूसरी शिकायत संदीप सोनी ने अपनी पत्नी पिंकी सोनी की जांच रिपोर्ट को लेकर की है। शिकायत के अनुसार, पत्नी को खांसी और बुखार होने पर डॉक्टर ने CBC और CRP टेस्ट कराने की सलाह दी थी। जांच कराने पर तीन अलग-अलग लैब की रिपोर्ट में CRP का स्तर अलग-अलग मिला। रिपोर्ट में CRP का स्तर 367.5, 60.5 और 90.85 दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
त्योहारों के कारण शुरू नहीं हो सकी जांच
दोनों मामलों में स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम गठित कर दी है, लेकिन अब तक जांच प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। CMHO डॉ. राज सिंह ठाकुर के अनुसार, त्योहारों के कारण जांच शुरू नहीं हो पाई। जल्द ही जांच पूरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों की लापरवाही से मरीजों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामलों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

