कटनी में दिवाली की रात हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी चर्चा में हैं। हादसे पर दुख जताते हुए उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगी। जिसका वीडियो आज बुधवार को सामने आया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की जरूरत भी स्वीकार की।
कलेक्टर के इस कदम की चर्चा के बीच उनके व्यक्तिगत और शैक्षणिक सफर को लेकर भी जानकारी सामने आ रही है। आशीष तिवारी 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015 में ऑल इंडिया छठी रैंक हासिल की थी।
सरकारी स्कूल में पढ़ाई, NIT से की इंजीनियरिंग
आशीष तिवारी मूल रूप से मध्यप्रदेश के छतरपुर के रहने वाले हैं। उनके पिता इंजीनियर थे। आशीष भी शुरुआत में इंजीनियर बनना चाहते थे। उन्होंने आठवीं तक हिंदी माध्यम से पढ़ाई की। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर और छतरपुर के सरकारी एक्सीलेंस स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की।
12वीं के बाद उन्होंने ऑल इंडिया इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम पास किया और NIT जमशेदपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया। डिग्री पूरी करने के बाद वे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) में नौकरी करने लगे।
नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी की
इंजीनियरिंग और नौकरी के बाद भी आशीष तिवारी का लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनना था। इसके लिए उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी। दूसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली। वर्ष 2015 की परीक्षा में उन्होंने छठी रैंक हासिल की और आईएएस अधिकारी बने।
एक साल पहले संभाली थी कटनी की जिम्मेदारी
यूपीएससी में छठी रैंक हासिल करने के बाद आशीष तिवारी देशभर में चर्चा में आए। उन्होंने आईएएस टीना डाबी के साथ लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में प्रशिक्षण लिया था। टीना डाबी ने इसी परीक्षा में पहली रैंक हासिल की थी।
आशीष तिवारी ने करीब एक साल पहले कटनी कलेक्टर का पदभार संभाला था। इससे पहले वे उप सचिव के पद पर कार्यरत थे। आईएएस अधिकारी के रूप में वे प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ विकास और जनहित से जुड़े कामों में योगदान देते रहे हैं।
कटनी के बरही में रहने वाले दुर्गा के जीजा पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में दिवाली की रात आग लग गई थी। इस हादसे में परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।

