वॉशिंगटन: अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने बताया है कि उन्होंने अपने बेटे बैरन को डेटिंग के बारे में बहुत अहम सलाह दी है। उन्होंने इस मामले में बैरन को सावधान रहने के लिए कहा है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि बैरन को कुछ भी उनसे छिपाने की जरूरत नहीं है क्योंकि वो हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने अपनी नई डॉक्युसीरीज 'मेलानिया: द सीरीज' में बताया कि वे अक्सर 20 वर्षीय बैरन को याद दिलाती हैं कि बाहरी दुनिया खतरनाक हो सकती है, जहां सावधानी बरतने की जरूरत है।
बैरन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया के सबसे छोटे बेटे हैं, वे काफी हद तक लोगों की नजरों से दूर ही रहे हैं। हालांकि फर्स्ट लेडी ने कहा कि उनका रिश्ता खुलकर बातचीत करने पर टिका है और वह जीवन की चुनौतियों का सामना करने में अपने बेटे का साथ देने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध हैं।
जिंदगी को लेकर हमारे बीच बहुत खुलकर बातचीत होती है। मैं हमेशा उसके साथ हूं और हमेशा रहूंगी। वह जानता है कि वह मेरी प्राथमिकता है और हमेशा मेरी प्राथमिकता रहेगा।
मेलानिया ट्रंप
मेलानिया खुद को मानती हैं कूल मां
फर्स्ट लेडी ने कहा है कि वह एक कूल मां और बैरन को भी यह याद दिलाती रहती हैं। उनकी यह टिप्पणी बैरन को लेकर उनकी प्राथमिकता को दिखाती है। बैरन बीते साल चर्चा में आए थे, जब उनके लिए न्यूयॉर्क के ट्रंप टॉवर में डेट का इंतजाम किए जाने की बात सामने आई थी। बैरन ने इस मौके के लिए इमारत की पूरी एक मंजिल बुक कर ली थी।
बैरन ने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपनी डेटिंग लाइफ के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। वह ज्यादातर सार्वजनिक नजरों से दूर रहते हैं। बैरन न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस में छात्र हैं। इन गर्मियों में उन्हें वाइट हाउस में एक UFC इवेंट में देखा गया था। वे फरवरी में डोनाल्ड ट्रंप के 'स्टेट ऑफ द यूनियन' संबोधन में भी मौजूद थे।
मेलानिया का बैरन पर ध्यान
जनवरी में रिलीज हुई अपनी पहली फिल्म मेलानिया ने बैरन के व्यक्तित्व के बारे में कई बातें बताई हैं। उन्होंने बैरोन को बहुत आत्मविश्वासी बताते हुए कहा कि वे चाहती हैं कि बैरोन जीवन में अपना रास्ता खुद बनाएं। मेलानिया अक्सर एक मां के रूप में अपनी भूमिका के बारे में बात करती रही हैं। वह अपने बेटे को जरूरत से ज्यादा सार्वजनिक ध्यान से बचाती हैं, ताकि वह अपनी एक अलग पहचान बना सके।

