भोपाल। बोर्ड ऑफिस चौराहे पर गुरुवार को प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम किया। सड़क पर उतरे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और थालियां बजाकर शासन व प्रशासन का ध्यान खींचने का प्रयास किया। जब पुलिस बल ने चौराहे से रास्ता खुलवाने का प्रयास किया, तो कई अभ्यर्थी सड़क पर ही लेट गए और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर डटे रहे।
पुलिस से धक्का-मुक्की, हिरासत में लेने पर सड़क पर बैठकर गाने लगे राष्ट्रगान
इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और खींचतान देखने को मिली। स्थिति तनावपूर्ण होने पर जब पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया, तो वे सड़क पर ही बैठकर राष्ट्रगान गाने लगे। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि मेरिट सूची में नाम आने के बावजूद उन्हें अब तक जॉइनिंग नहीं दी गई है।
उन्होंने भर्ती नियमों के क्लॉज-49 और डीएलएड डिग्री से जुड़ी शर्तों को लेकर विभाग पर सवाल उठाए। विमल कुमार ने बताया कि जब तक नियुक्ति और पदस्थापना को लेकर कोई ठोस निर्णय या लिखित आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी, यातायात रहा प्रभावित
उल्लेखनीय है कि शिक्षक अभ्यर्थियों का यह कोई पहला प्रदर्शन नहीं है। इससे पहले भी करीब 22 दिन पूर्व एमपी नगर चौराहे पर अभ्यर्थियों ने करीब चार घंटे तक चक्काजाम कर अपना विरोध दर्ज कराया था। बार-बार आश्वासन मिलने के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने अब अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन को और तेज करने का फैसला किया है। चौराहे पर अचानक हुए इस प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

