बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी हुआ है। बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा, इस्लाम और शरीयत के मुताबिक किसी मुस्लिम का मंदिर में पूजा-पाठ करना नाजायज और हराम है। उन्हें अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए।
सारा 25 अक्टूबर को केदारनाथ धाम गई थीं। वहां उन्होंने दर्शन और पूजा-अर्चना की थी। 2017 में सारा अली अपनी फिल्म 'केदारनाथ' की शूटिंग के दौरान करीब 2 महीने तक वहां रही थीं। अब तक करीब 5 बार वह केदारनाथ और भगवान तुंगनाथ के मंदिर में पूजा कर चुकी हैं।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अभिनेत्री सारा अली खान के केदारनाथ मंदिर में पूजा-पाठ करने पर अपना धार्मिक मत व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कई मुस्लिम युवाओं ने उनसे सवाल किया था कि क्या शरीयत-ए-इस्लामिया इसकी इजाजत देती है। इसी के जवाब में उन्होंने अपना पक्ष रखा।
मौलाना ने कहा, “मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि शरीयत-ए-इस्लामिया अपने अनुयायियों को शिर्क करने की इजाजत नहीं देती। यानी दूसरे धर्म की धार्मिक परंपराओं को अपनाने या मंदिर में पूजा-पाठ करने की इजाजत किसी मुसलमान, चाहे वह पुरुष हो या महिला, को नहीं है।”
उन्होंने कहा कि सारा अली खान भारत की मशहूर अभिनेत्री हैं। उन्होंने केदारनाथ मंदिर जाकर पूजा-पाठ और दर्शन किए और करीब आधे घंटे तक कतार में रहीं। मौलाना के मुताबिक, शरीयत की रोशनी में उनके ये काम नाजायज और हराम हैं। उन्होंने सारा को शरीयत की नजर में मुजरिम और गुनहगार भी बताया।
मौलाना ने कहा कि सारा अली खान को तौबा करके खुदा की बारगाह में माफी मांगनी चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसा न करने पर वह शरीयत की नजर में बड़े गुनाह की दोषी होंगी।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने स्पष्ट किया कि यह उनका निजी धार्मिक मत और बयान है। इसे सभी मुस्लिम धर्मगुरुओं या पूरे इस्लामी समुदाय की एकमत राय नहीं माना जाना चाहिए।
सारा अली खान 3 दिन केदारनाथ में रहीं, बोलीं- बाबा का धाम मेरा घर
सारा अली खान 25 से 27 अक्टूबर तक उत्तराखंड में रहीं। वह हेलिकॉप्टर से धाम पहुंची थीं। यहां वह सादे कपड़ों और टोपी में नजर आईं। जिससे कई लोग उन्हें पहचान नहीं पाए।
जो लोग सारा को पहचान पाए वे उन्होंने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। सारा पहले दिन से सुबह और शाम की आरती में शामिल हो रही थीं। इसके बाद दोस्तों के साथ आसपास घूमने निकल जाती थीं।
सारा ने स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी जिंदगी के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने केदारघाटी में 6 से 7 नए दोस्त भी बनाए। उनसे आसपास ट्रैकिंग की जगहों के बारे में जानकारी ली।
सारा के धाम पहुंचने के बाद यहां बर्फबारी भी हुई थी। ठंड के कारण वह गर्म कपड़ों में नजर आईं। सारा मंगलवार देर शाम हेलिकॉप्टर से देहरादून पहुंचीं और यहां से मुंबई के लिए रवाना हो गईं।

