एमसीबी/04 नवम्बर 2026 / दीपावली का त्योहार खुशियों, उमंग और अपनों के चेहरे पर मुस्कान लाने का पर्व है। ऐसे में त्योहार से पहले महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त की राशि मिलने से प्रदेश की लाखों माताओं-बहनों के घरों में खुशियों का उजियारा फैल गया है। इसी कड़ी में जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की बीसीएम कॉलोनी, खोंगापानी निवासी श्रीमती मधु सूर्यवंशी के लिए भी यह राशि दीपावली की खुशियों की सौगात बनकर आई है।
67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंची राशि
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खातों में 33वीं किस्त के रूप में 632 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की गई है। दीपावली से ठीक पहले मिली इस आर्थिक सहायता ने महिलाओं की त्योहार संबंधी तैयारियों को नई ऊर्जा और उत्साह दिया है।
बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में मिल रही मदद
श्रीमती मधु सूर्यवंशी बताती हैं कि दीपावली से पहले महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से वह बेहद खुश हैं। उनके लिए यह आर्थिक सहायता परिवार की जरूरतों को पूरा करने में काफी मददगार साबित हो रही है। वह योजना के तहत मिलने वाली राशि का उपयोग अपने बच्चों की जरूरतों और उनकी खुशियों पर करती हैं। उनके अनुसार, बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में यह राशि एक महत्वपूर्ण सहारा बनती है।
महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का अवसर
महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उन्हें अपने परिवार की जरूरतों में आर्थिक योगदान देने का अवसर प्रदान कर रही है। हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए खर्च करने में सक्षम हो रही हैं।

