कनाडा ने अपने लोगों से कहा- दिल्ली और एनसीआर में रखें खास ख्याल
कनाडा ने एडवाइजरी में कहा गया है कि भारत में कनाडा विरोधी प्रदर्शनों और कनाडाई लोगों के धमकाने और उत्पीड़न का शिकार होने का अंदेशा है। ऐसे में राजधानी दिल्ली और एनसीआर में लॉ प्रोफाइल बनाकर रखें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी भी किसी अजनबी के साथ साझा नहीं करें। सार्वजनिक परिवहन सहित भीड़-भाड़ वाले इलाकों से बचें। हमेशा किसी के साथ यात्रा करें और अपनी यात्रा योजनाओं के बारे में किसी मित्र या परिवार के सदस्य को पहले से बता दें।
क्यों बढ़ा भारत-कनाडा में तनाव
कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की इस साल जून में गोली मारकर हत्या कर दी थी। कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस हत्या के लिए भारत को घेरते हुए कहा था कि निज्जर की हत्या का सम्बंध भारत से होने के सबूत हैं। 2020 में निज्जर को आतंकवादी घोषित कर चुके भारत ने जस्टिन ट्रूडो के इन आरोपों को बेतुका करार दिया था। इसके बाद हालांकि ट्रूडो ने भारत के साथ तकरार नहीं बढ़ाने की बात कही लेकिन दोनों देशों के बीच रिश्तों में एक तनाव बरकरार है। अब कनाडा के 41 राजनयिकों को वापस जाना पड़ा है और कनाडा ने भारत में अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
