कारखाने में मजदूरों को अचानक आने लगा पसीना फिर घुटने लगा दम, हकीकत पता चली तो सिर पर पैर रख भागे
इंदौर के बाणगंगा इलाके में बुधवार को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने पूरे कारखाने को चपेट में ले लिया। दमकलकर्मियों के साथ-साथ नगर निगम की टीम भी आग बुझाने में जुटी है।
आसमान में दूर से दिख रहीं लपटें
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार यह घटना सुपर कॉरिडोर के टिगरिया बादशाह क्षेत्र के अवंतिका नगर में स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में घटी। आग लगने की जानकारी सबसे पहले आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले चौकीदारों ने दी। उन्होंने देखा कि फैक्ट्री से धुआं उठ रहा है और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते लपटें ऊंचाई तक उठने लगीं और दूर से ही नजर आने लगीं।
औद्योगिक क्षेत्र में आता है इलाका
पुलिस का कहना है कि आग जिस इलाके में लगी है, वह औद्योगिक क्षेत्र में आता है, जहां कई केमिकल और अन्य उत्पादों की छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां हैं। आग लगने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पानी डालकर उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब आग ने भयंकर रूप ले लिया, तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
नगर निगम ने राहत और बचाव कार्य के लिए फैक्ट्री का शेड गिराने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई है, ताकि अंदर तक पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हुआ है। आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम स्थिति पर काबू पाने में जुटी हुई है।











