भाई दूज पर नमो भारत ने दी बहनों को सौगात, दो घंटे पहले मिलेगी ट्रेन की सेवाएं
नई दिल्ली: एनसीआरटीसी ने भैया दूज पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक अहम फैसला किया है। नमो भारत ट्रेन की सेवाएं भाई दूज के अवसर पर रविवार, 3 नवंबर 2024 को नियमित समय से पहले आरंभ की जाएंगी। एनसीआरटीसी ने भाई दूज के मद्देनजर यह निर्णय लिया है ताकि यात्रियों को आवागमन में सुविधा और सहूलियत मिल सके। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन सेवाएं रविवार को सुबह 8:00 बजे के बजाय सुबह 6:00 बजे से संचालित की जाएंगी। यह रात 10:00 बजे तक जारी रहेंगी। आमतौर पर नमो भारत ट्रेन सोमवार से शनिवार तक सुबह 6 बजे और रविवार को सुबह 8 बजे से संचालित होती है।यात्रियों की अनुमानित संख्या को ध्यान में रखते हुए, आवश्यकता पड़ने पर ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं, ताकि सभी के लिए एक सहज और आरामदायक यात्रा का अनुभव सुनिश्चित हो सके। प्रत्येक नमो भारत ट्रेन में सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महिला कोच उपलब्ध है, जो मेरठ की ओर यात्रा करते समय दूसरा कोच है, जबकि दिल्ली की दिशा में दूसरे-से-अंतिम कोच है। इसके अतिरिक्त सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए अन्य कोचों में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें उपलब्ध हैं। सभी नमो भारत ट्रेनें और स्टेशन सार्वभौमिक रूप से सुलभ हैं, जो अलग-अलग जरूरत वाले यात्रियों के लिए एक सहज और समावेशी यात्रा अनुभव सुनिश्चित करते हैं।
